ऑयल मिल संचालक से लूट के मामले में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को एसटीएफ व पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर भी झोंका। आधी रात फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। एसटीएफ व पुलिस की टीम पर हमला करने के मामले में बदमाश पर हत्यात के प्रयास का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
कोतवाली पुलिस ने एसटीएफ के साथ मिलकर 25 हजार के शातिर बदमाश को धर दबोचा। रानीगंज कैथौला इलाके में ऑयल मिल संचालक बैजनाथ केसरवानी से बीती 31 जनवरी को तमंचे के बल पर लाखों की लूट हुई थी। इस मामले में रायपुर छिवैया निवासी विशाल यादव की पुलिस को तलाश थी। उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार की रात मुखबिर ने उसके जगन्नाथपुर पुल पर होने की सूचना प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती को दी। जिस पर कोतवाल ने बदमाश की तलाश में लगी एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट को सूचना दी। रात ढाई बजे प्रभारी निरीक्षक राकेश भारती व एसटीएफ के दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह की सयुंक्त टीम ने उसे घेर लिया। पुलिस को देख वह रामपुर बावली की ओर भागने लगा।
पीछा करने पर उसने तमंचे से टीम पर फायर झोंक दिया। हालांकि पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में वह दबोचा लिया गया। उसके पास से लूट के 15 हजार रुपये, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। कोतवाल राकेश भारती ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का बदमाश है। पुलिस को लूट समेत अन्य मामलों में उसकी तलाश थी।