दुष्कर्म से आहत कक्षा नौवीं की छात्रा (14) ने सोमवार को घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। भाई की शिकायत पर गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मऊ जनपद स्थित पुलिस लाइन में सिपाही का प्रशिक्षण ले रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
किशोरी सांगीपुर क्षेत्र की रहने वाली थी। उसके भाई का आरोप है कि शिवांश शुक्ला का उसकी बहन से परिचय था। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके संग दुष्कर्म किया। इससे बहन सदमे में आ गई और फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर एएसपी पश्चिमी संजय राय और सीओ आशुतोष मिश्र मौके पर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका चार बहनों में तीसरे नंबर की थी। पिता मुंबई में टैक्सी चालक है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- आशुतोष मिश्र, सीओ
मऊ के लिए रवाना हुई फोर्स
छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी शिवांश शुक्ला ने हाल ही में यूपी सिपाही भर्ती की परीक्षा उत्तीर्ण की है। वर्तमान में मऊ जनपद स्थित पुलिस लाइन में प्रशिक्षण ले रहा है। इस बारे में संबंधित थाना उदयपुर के एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर फोर्स को मऊ रवाना कर दिया गया है।