संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के जयचंदपुर में सोमवार की शाम ईंट भट्ठे के परिसर में खेल रही चार साल की रागिनी को ट्रैक्टर ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
शाहजहांपुर जनपद के सिधौली थाना क्षेत्र के रखिया बुजुर्ग निवासी महेश कुमार परिवार के साथ जयचंदपुर गांव स्थित ईंट भट्ठे के पसार में पथाई का काम करते हैं। भट्ठा मालिक ने गांव के कुलदीप का खेत लीज पर ले रखा है। जहां मजदूर घर बना कर ईंट की पथाई कर रहे हैं। सोमवार की शाम महेश की तीन वर्षीय पुत्री रागिनी पसार के पास खेल रही थी।
इस बीच मिट्टी गिराने आ रहे ट्रैक्टर ने रागिनी को रौंद दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जब तक महेश व उसके परिजनों को खबर लगती। इससे पहले चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो चुका था। मृतका के पिता महेश, मां रेखा, बहन जयंती, बबली, बिदिसा भाई पवन कुमार, कमल व श्याम सुंदर रोते बिलखते रहे। लालगंज सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।