तेज रफ्तार स्काॅर्पियो की टक्कर से साइकिल सवार व्यापारी की मौत हो गई। हादसे में घायल दूसरे व्यापारी युवक को प्रयागराज रेफर किया गया। स्काॅर्पियो चालक घटना स्थल से भाग निकला।
दिलीपपुर थाना क्षेत्र के गोईं गांव में हाथरस के मोनू (23) और कानपुर का अंशु (22) किराए के कमरे में रहते थे। दोनों युवक शनिवार की शाम जामताली बाजार से फेरी कर कमरे पर जा रहे थे। जामताली पुल के समीप रानीगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार स्काॅर्पियो ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने के कारण साइकिल सवार युवक स्काॅर्पियो की बोनट पर आकर गंभीर रुप से घायल हो गए। अंशु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मोनू की हालत गंभीर बनी हुई। मौका पाकर स्कार्पियो सवार घटनास्थल से भाग निकला। पुलिस जांच में जुटी है।