प्रतापगढ़। पुलिस ने रानीगंज, कंधई, पट्टी और आसपुर देवसरा क्षेत्र में गांजा तस्करी के नेटवर्क पर हाथ डाला दिया। पुलिस ने करीब साढ़े सात लाख रुपये का 50 किलो गांजा और दो लाख रुपये बरामद कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसपी अनंतदेव ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि रानीगंज थाना क्षेत्र में पकड़े गए गांजा तस्कर की निशानदेही पर रविवार को कंधई, पट्टी और आसपुर देवसरा थाना क्षेत्रों में छापा मारा गया। एएसपी पूर्वी बृजेश मिश्र के नेतृत्व में सीओ रानीगंज एमपी सलोनिया के साथ पुलिस टीमाें ने पट्टी कोतवाली के कुंदनपुर, आसपुर देवसरा के भनईपुर और कंधई थाना क्षेत्र के रखहा बाजार से भारी मात्रा में गांजा और बिक्री का दो लाख रुपये बरामद किया। रखहा बाजार निवासी शंकरलाल गिरोह का सरगना है। यह लोग प्रतापगढ़ के साथ ही सुल्तानपुर, रायबरेली, अमेठी और जौनपुर में गांजा की तस्करी करते हैं। एसपी के अनुसार बरामद गांजा की कीमत करीब साढे़ 7 लाख रुपये है।