प्रतापगढ़। हर वर्ग के मतदाताओं को पाले में करने और विरोधियों की काट के हिसाब से स्टार प्रचारक बुलाए जा रहे हैं। आजम खां पर प्रतिबंध के कारण अबू आजमी आए तो कांग्रेस ने सलमान खुर्शीद को बुला लिया। उड़ैयाडीह में अखिलेश की सभा को आज ही पट्टी में नगमा की सभा ने प्रभावित किया। बसपा ने पकड़ मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज को बुलाया।
चुनाव के दौरान प्रत्याशी का माहौल बनाने के लिए ‘स्टार वार’ की बड़ी भूमिका रहती है। इस बार जिले के नेता भीड़ के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में उनकी उम्मीदें स्टार प्रचारकाें पर टिकी हैं। नामांकन से पहले ही जिले में आए राहुलगांधी ने रत्ना सिंह के लिए माहौल बनाने का प्रयास किया। नामांकन के दौरान सपा महाराष्ट्र अध्यक्ष अबू आजमी आए। कांग्रेस ने उनकी काट के लिए सलमान खुर्शीद की तीन जनसभाएं करा दी। माहौल गरमाने के साथ बसपा सुप्रीमो मायावती बेल्हा पहुंचीं और मुसलमानाें को पाले में करने का प्रयास किया। सपा कहां पीछे रहने वाली थी। एक दिन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दो जनसभाएं हो गईं। अखिलेश ने मानधाता और उड़ैयाडीह में प्रत्याशी के लिए माहौल बनाया। ऐसे में कांग्रेस ने उड़ैयाडीह के करीब ही पट्टी मुख्यालय पर उसी समय फिल्म अभिनेत्री नगमा को बुला लिया। भाजपा समर्थित अद प्रत्याशी के समर्थन में अब तक नरेंद्र मोदी या अनुप्रिया नहीं आ सकीं लेकिन अपनादल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कई दिन का समय दिया। अब चुनाव में सिर्फ एक हफ्ता बचा है, इसलिए स्टार वार बढ़ने की संभावना है। पार्टियाें के स्टार प्रचारक और फिल्मी हस्तियां वोटरों को लुभा रहीं हैं।