प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। बहन के प्रेमी की हत्या करने वाले दो भाइयों को पुलिस ने जेल भेज दिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और लाठी भी बरामद कर ली। घटना के बाद घर से भागी प्रेमिका लौट आई। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की।
मानधाता के सरायमुरार सिंह गांव में सोमवार की रात प्रेमिका ने अपने प्रेमी पप्पू सोनी निवासी जूड़ापुर थाना अंतू को फोन कर धोखे से बुला लिया। पहले से योजना बनाकर घात लगाए प्रेमिका के भाइयों ने उसे पहले दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और फिर गोली मार कर मौत की नींद सुला दिया। इस मामले में पुलिस ने सरायमुरार सिंह के रंजीत पटेल और अजय पटेल को मंगलवार को दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा और लाठी भी बरामद कर ली। प्रभारी निरीक्षक चंद्रबली यादव ने बताया कि प्रेमिका व दूसरी महिला घर वापस लौट आई है। उनसे पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बदला लेने के लिए पप्पू की हत्या की गई। इसके लिए पहले से प्रेमिका के भाइयों ने योजना बनाई थी। उन लोगों को पप्पू का बहन से मिलना जुलना पसंद नहीं था।