प्रतापगढ़। पूरे दिन तेज धूप और गर्मी से बेहाल शहर को बारिश ने राहत दे दी। हवाओं के साथ आए बादलों ने रिमझिम बरसात कर मौसम सुहाना बना दिया। इससे सड़कों पर कीचड़ तो हुआ लेकिन उड़ती धूल से राहगीरों को निजात मिल गई।
धूप, धूल और गर्मी से परेशान शहरियों को करीब तीन बजे आई हल्की हवा के साथ बारिश ने राहत पहुंचाई। इसके बाद शुरू हुई रिमझिम बरसात करीब घंटे भर होती रही। इससे खुदी सड़कों पर कीचड़ तो हुआ लेकिन उड़ती धूल से निजात मिल गई। यह अलग बात रही कि राजापाल टंकी से लेकर चौक तक सड़क पर बने गड्ढों में एक बार फिर से पानी भर गया। उस पर आते-जाते वाहनों से काफी कीचड़ हो गया। अचानक शुरू हुई बरसात से राहगीरों के साथ स्कूल से निकले छात्र-छात्राएं भी पानी में भीग गए। उधर कुछ लोगों ने छतरी लेकर मौसम का आनंद भी लिया। आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से धान की फसल को भी काफी लाभ पहुंचा है। पखवारे भर पहले हुई बरसात के बाद खेतों को पानी की जरूरत थी। अचानक हुई रिमझिम बरसात से सिंचाई करने का मन बना रहे किसानों को एक बार फिर से फायदा पहुंचा है। अब कम से कम हफ्ते भर तो खेतों में पानी की जरूरत नहीं होगी।