प्रतापगढ़। आम आदमी के लिए तेजतर्रार बनने वाली पुलिस कुंडा कांड में असहाय दिख रही है। शहीद सीओ की लूटी गई पिस्टल और मोबाइल चार दिन बाद भी बरामद नहीं किया जा सका है। इस मामले में एसटीएफ और एसओजी को भी कामयाबी नहीं मिल सकी।
हथिगंवा थाना क्षेत्र के बलीपुर में शनिवार की रात प्रधान नन्हे लाल और उसके भाई सुरेश यादव के साथ ही सीओ कुंडा जियाउल हक की हत्या से सूबे में भूचाल आ गया। पुलिस के आला अधिकारियों के साथ ही तेजतर्रार पुलिस कर्मियों की फौज ने कुंडा में डेरा डाल रखा है। घटना को हुए चार दिन बीत गए लेकिन दो आरोपियों को छोड़कर अन्य कोई आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका। सीओ की लूटी गई पिस्टल और मोबाइल भी पुलिस नहीं खोज सकी। खुद एसपी एलआर कुमार जांच करने के साथ ही अधिकारियों को हालात और कार्रवाई से अवगत करा रहे हैं। सीओ की लूटी गई पिस्टल और मोबाइल की तलाश में सार्विलांस की मदद ली जा रही है लेकिन सुराग नहीं लग रहा। रात दिन गश्त के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने अभी तक ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जिससे साबित हो कि हत्यारों को सबक सिखाने के लिए ठोस कदम उठाया जा रहा है।