कुंडा (ब्यूरो)। भाड़ा लादकर जौनपुर से अहमदाबाद जा रहे ट्रक को कुंडा में ओवर टेक कर बुलेरो सवार बदमाशों ने रोका तथा चालक बंदी बना ट्रक लेकर फरार हो गए। तीसरे दिन चालक रानीगंज के समीप अधे बेहोशी की अवस्था में पाया गया। मामले में ट्रक स्वामी ने घटना की लिखित तहरीर एसपी के यहां दी। मामले में कोतवाली पुलिस ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार कर रही है। घटना को लेकर कस्बे में काफी चर्चा रही।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के गेहाउडैयाडीह निवासी मो. महमूद का ट्रक कटैयाडीह गांव निवासी मो. इस्तियाक चलाता था। बीते 10 नवंबर को वह जौनपुर से भाड़ा लादकर अहमदाबाद के लिए चला। किन्ही कारणों से वह इलाहाबाद लखनऊ राजमार्ग से निकल रहा था। वह 10 नवंबर की शाम ट्रक लेकर कुंडा बाबादीन ढाबा पहुंचा। यहां चाय आदि पीने के बाद आगे बढ़ा। इसी दौरान बुलेरो सवार आधा दर्जन लोगों ने ओवर टेक कर रोका तथा चालक को बंधक बना ट्रक कब्जे में ले लिया। 13 नवंबर को चालक रानीगंज के समीप सड़क किनारे बेहोश मिला। जिसका उपचार कराया गया, होश में आने पर चालक ने खुलाशा किया तो सभी के पांव तले जमीन खिसक गई। ट्रक स्वामी ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना को लेकर कस्बे में काफी चर्चा रही। कोतवाल सर्वेश मिश्रा ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है।