प्रत्याशियों पर होगी पुलिस की निगरानी
शिकायतों को देखते हुए प्रत्याशियों के पीछे लगेंगी मोबाइल टीमें
सुबह से लेकर देर रात तक होगी वीडियोग्राफी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले के दबंग नेता अब बाहुबल के जरिए प्रतिद्वंद्वी व उनके समर्थकों को धमका कर अपने पाले में नहीं कर सकेंगे। ऐसे नेताओं पर प्रशासन सख्त पहरा लगाने की तैयारी कर चुका है। चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद प्रत्याशियों की गतिविधियों की वीडियोग्राफी होगी।
लोकसभा चुनाव प्रतापगढ़ का सियासी पारा गर्मी के साथ ही बढ़ता जा रहा है। विरोधी नेताओं को परेशान करने का फंडा यहां के नेता बखूबी जानते हैं। हर चुनाव में कुंडा व बाबागंज विधानसभा में लोगों को धमकाने व चुनाव प्रचार करने में दिक्कत की शिकायतें मिला करती थी, लेकिन इस बार अभी तक दोनों विधानसभा क्षेत्र में कोई बवाल नहीं हुआ। बल्कि कुछ प्रत्याशियों के भाषण से माहौल जरूर गरमाया। चुनाव में दबंगई करने वाले प्रत्याशियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की टीमों का गठन किया जा रहा है। जो वीडियोग्राफर के साथ प्रत्याशी के पीछे- पीछे भ्रमण करने के अलावा उनकी हर गतिविधि पर नजर रखेगी। टीम में एक उपनिरीक्षक, चार सिपाही व एक वीडियोग्राफर रखे गए हैं। एसपी एस आनंद ने बताया कि चुनाव के दौरान राजनैतिक दलों के प्रत्याशी एक दूसरे की शिकायतें करते रहते हैं। ऐसे में प्रत्याशियों के साथ एक टीम लगाई जाएगी। जो उनकी गतिविधियों को कैद करेगी ताकि किसी भी प्रकार की शिकायत का साक्ष्य के साथ जवाब दिया जा सके।