प्रतापगढ़ /मानधाता । मदरसा शिक्षा बोर्ड की परीक्षा 11 फरवरी से जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर प्रारंभ होंगी। मुंशी, मौलवी, आलिम, कालिम एवं फाजिल की परीक्षाएं दो मार्च तक चलेंगी। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए यूपी बोर्ड के तर्ज पर परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
जिले के 60 मदरसों में नामांकित 3011 छात्र/छात्राएं इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। जिले के 18 केंद्रों में कुंडा में दो, रानीगंज में तीन, लालगंज मे चार तथा सदर में नौ परीक्षा केंद्र बनाए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि मुंशी के 681, मौलवी के 1073, आलिम अरबी के 394, आलिम फारसी के 217, कालिम अरबी 350, कालिम फारसी 182 तथा फाजिल के 194 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगी। जिसमें 1421 बालक और 1590 बालिकाएं होंगी। यूपी बोर्ड के तर्ज पर होनी परीक्षाएं पूरी तरह से नकलविहीन कराने के लिए अधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। सीसीटीवी कैमरे में होने वाली परीक्षा में एक कक्ष निरीक्षक मदरसा का, तो दूसरा कॉलेज का होगा।