प्रतापगढ़। डीपीआरओ का आदेश बैंक पहुंचने के पहले ही 1.08 लाख रुपये का भुगतान करने के मामले में तीन ग्राम पंचायत अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह ग्राम पंचायत अधिकारी बिहार ब्लाक की छह ग्राम पंचायतों में तैनात हैं। सीडीओ ने पूरे मामले की जांच कराई और मामला सही मिलने पर तीनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया।
जिले के बिहार ब्लाक खंड के छह ग्राम पंचायतों में चौदहवें वित्त आयोग की धनराशि नियम विरुद्ध निकाल ली गई थी। इस बात की जानकारी सीडीओ को होने पर संबंधित बैंक को पत्र लिखकर भुगतान पर रोक लगाने का आदेश किया गया। 27 जुलाई को यह आदेश डीपीआरओ कार्यालय से जारी हुआ। 28 जुलाई को यह पत्र बैंक पहुंच गया। डीपीआरओ का पत्र लेकर कर्मचारी बैंक पहुंचते इससे पहले ग्राम पंचायत अधिकारियों ने दुस्साहस दिखाते हुए 1.08 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया। बताते हैं कि कर्मचारियों के इस खेल में बैंक कर्मचारियों का भी हाथ है। कर्मचारी बैंक पहुंचता, इससे पहले बैंक से 1.08 लाख रुपये निकल गए। सीडीओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारुपुर और भाव में तैनात प्रभुनाथ, कोडराजीत, तिवारीपुर महमदपुर और धनवासा में तैनात ओमप्रकाश और सरायबबुइन में तैनात राजकुमार मिश्र को निलंबित कर दिया गया है। सीडीओ राज कमल यादव ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम का गठित की जा रही है।
इनसेट------
किस गांव में कितनी निकाली गई धनराशि
ग्रामपंचायत का नाम धनराशि
कोडराजीत 25,41,000
धनवासा 26,55,000
भाव 7,10,570
सराय बबुइन 17,42,000
धारुपुर 10,17,645
तिवारीपुर 21,63,200