घुइसरनाथधाम में दर्शन के बाद घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौक पर ही मौत हो गई, जबकि नौ महिलाएं व बच्चे घायल हो गए। हादसा स्पीड अधिक होने के कारण हुआ। लालगंज सीएचसी में पांच घायलाें की हालत नाजुक देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रायबरेली जिले के जगतपुर थाना क्षेत्र के नवाबगंज गांव से दर्जनभर ग्रामीण बुधवार का दर्शन करने के बाबा घुइसरनाथ धाम आ रहे थे। सांगीपुर के गोड़वा से रिश्तेदार ममता पत्नी शेषमणि का साथ लेकर सभी बाबा धाम पहुंच गए। दर्शन पूजन के बाद दोपहर बारह बजे टेंपो से सभी लौट रहे थे।
रास्ते में रामगंज पूरे दुद्धी के समीप टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नवाबगंज की आशा पांडेय की मौत हो गई। घायल कलावती (60) पत्नी राधाकृष्ण पांडेय, शिव पांडेय (45) पत्नी गया प्रसाद पांडेय, कमला देवी (50) पत्नी वेद पांडेय, शिवपती देवी (40) पत्नी बजरंगी मौर्य, जानकी (50) पत्नी संतलाल मौर्य, ऋषभ (10) व सूरज (12) पुत्र बृजकिशोर मौर्य व सांगीपुर के गोड़वा की ममता (30) पत्नी शेषमणि व उसकी छह वर्षीय बेटी रागिनी को एंबुलेंस से लालगंज सीएचसी पहुंचाया गया। यहां इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कमला, रागिनी समेत पांच को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शव लेकर परिजन रायबरेली चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रफ्तार तेज होने के चलते हादसा हुआ। सांगीपुर एसओ गया प्रसाद शुक्ल ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। मृतक के परिजन कार्रवाई नहीं चाहते थे, इसलिए शव लेकर घर चले गए।