मौसम में बदलाव के साथ सोमवार को मेडिकल कॉलेज के साथ महिला अस्पताल में मरीजों की भरमार रही। पर्चा काउंटर से लेकर पैथोलॉजी सेंटर तक मरीज और तीमारदार कतार में लगे नजर आए। इस दौरान करीब 830 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। उन्हें जांच लिखी गई और दवाएं दी गईं।
सोमवार को मेडिकल कॉलेज और महिला अस्पताल में 2230 मरीज ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे। इसमें महिला अस्पताल में 600 का उपचार हुआ। मेडिकल कॉलेज में 1630 मरीजों की ओपीडी रही। 830 मरीज बुखार से पीड़ित थे। इसके अलावा खांसी, जुकाम के भी मरीजों की भी भरमार ही।
लीलापुर के काशी तिवारी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पहले पर्ची कटवाने के लिए धक्कामुक्की हुई। उसके बाद ओपीडी में मरीजों की भीड़ की वजह से दोपहर करीब 12 बजे नंबर आया।
कंधई के पंकज कुमार ने बताया कि उनकी 13 वर्षीय बेटी बुखार और पेट दर्द से परेशान है। भीड़ इतनी ज्यादा है कि एक बजे के पहले नंबर नहीं आएगा। खड़े-खड़े बेटी को चक्कर आ रहा है।
तेज धूप और शाम की ठंडी हवा कर रही बीमार
मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. मनोज खत्री ने बताया कि दिन में तेज धूप और शाम को मौसम ठंडा होने से मरीजों में वायरल फीवर की समस्या हो रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव से लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो रही है। भीड़-भाड़, धूल, गंदा पानी भी वायरल संक्रमण के प्रमुख कारण है। धूप में समय बिताने के बाद ऑफिस व घर पहुंचकर लोग एसी और कूलर चालू कर लेते हैं। ठंडा पानी का सेवन भी कर लेते हैं। इससे जुकाम, बुखार, खांसी की समस्या बढ़ जाती है।
ऐसे रखें सेहत का ख्याल
0 सुबह-शाम हल्के गर्म (ऊनी) कपड़े पहनें।
0 ठंडे पानी व कोल्ड के सेवन से बचें।
0 प्यास लगने पर गुनगुने पानी का सेवन करें।
0 भीड़-भाड़ वाले इलाके में मास्क का प्रयोग करें।
0 खांसी के समय रुमाल का प्रयोग करें।
0 चिकित्सक की सलाह के बाद ही दवा लें।
0 मच्छरों से बचें, घर में पानी जमा न होने दें।
मेडिकल कॉलेज ओपीडी पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की कतार। संवाद
मेडिकल कॉलेज ओपीडी पर्चा काउंटर पर लगी मरीजों की कतार। संवाद