खूब बिकी गुझिया
कई जगह दुकानों पर खत्म हुए स्टाक
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। होली के पर्व के एक दिन पूर्व गुझिया का बाजार गर्म रहा। केसर व मसाला गुझिया की खूब बिक्री हुई। बच्चों को चंद्रकला मिठाई खूब पंसद आई। कई दुकानों पर दोपहर बाद ही गुझिया खत्म हो गई। सूजी गुझिया की भी दुकानों पर खूब डिमांड रही। दिनभर दुकानों पर लूट मची रही।
बुधवार को सुबह 7 बजे ही दुकानों पर गुझिया की विभिन्न वेराइटी स्टालों पर सज गई। केसर, मसाला गुझिया, खोवा व सूजी गुझिया के साथ ही पनीर जलेबी व होली पर खास चंद्रकला की खूब खरीदारी हुई। मजे की बात यह थी कि डिमांड को देखते हुए दुकानों पर गुझिया के स्टाल आगे थे, जबकि मिठाइयों के स्टालों को पीछे कर दिया गया था। शहर के अंबेडकर चौराहा, बाबागंज, स्टेशनरोड, सदर बाजार, घंटाघर सहित सभी दुकानों पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। अधिकांश दुकानों पर टोकन सिस्टम भी चला। सुबह 9 बजे के बाद ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई। दुकानों पर सबसे ज्यादा केसर व मसाला गुझिया बिकी।