डीएसओ पर भारी पड़ा पूर्ति निरीक्षक
आदेश बदलने को किया मजबूर, सप्ताह भर पहले डीएसओ ने हटाकर सांगीपुर में किया था तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। विभाग का पूर्ति निरीक्षक ही जिला पूर्ति निरीक्षक पर भारी पड़ गया है। सप्ताह भर पहले मानधाता विकास खंड से हटाने वाले डीएसओ को उसी ब्लाक में तैनात करने को मजबूर कर दिया। डीएसओ ने उसे मानधाता विकास खंड में तैनाती देने के साथ ही देवी प्रसाद तिवारी को सांगीपुर और रामपुर संग्रामगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने आदर्श आचार संहिता लागू होने के कुछ दिन पहले ही पांच पूर्ति निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में परिवर्तन कर दिया था। इसमें नेताओं के करीबी माने जाने वाले पूर्ति निरीक्षक अनिल कुमार को मानधाता ब्लाक से हटाकर सांगीपुर ब्लाक में तैनाती दे दी थी। मानधाता ब्लाक का अतिरिक्त प्रभार ममता सिंह को सौंपा गया था। मगर पूर्ति निरीक्षक डीएसओ पर भारी पड़ा और नेताओं से दबाव बनाकर डीएसओ को सप्ताह भर के अंदर अपना आदेश बदलने को मजबूर कर दिया। डीएसओ के संशोधित पत्र में अनिल कुमार को मानधाता और लक्ष्मणपुर विकास खंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि देवी प्रसाद तिवारी को लालगंज, सांगीपुर और रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाकों में तैनात किया गया है। पूर्ति निरीक्षक ममता सिंह के पास अब सदर विकास खंड के अलावा सदर, सिटी, कटरामेदनीगंज और अंतू टाउन एरिया की जिम्मेदारी है। डीएसओ सुनील कुमार ने किसी भी दबाव से इंकार करते हुए व्यवस्था के तहत ऐसा करने को कहा है।
डीएलड की परीक्षा में अनुपस्थित रहे 12 परीक्षार्थी
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। जिले के तीन केंद्रों पर हुई डीएलएड की परीक्षा में 12 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पीबी इंटरकालेज, जीआईसी और जीजीआईसी में हुई परीक्षा में 1388 परीक्षार्थियों को प्रतिभाग करना था, मगर शुक्रवार को हुई परीक्षा में 1376 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। डॉयट प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश मिश्र ने बताया कि परीक्षा में 12 परीक्षार्थी अनुप स्थित रहे हैं। शनिवार को भी परीक्षा जारी रहेगी।