मनमाने दाम वसूल रहे ढाबा संचालक
डीएम के आदेश के बाद भी नहीं लगाए गए रेट बोर्ड
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को हाइवे पर स्थित ढाबा संचालक लूट रहे हैं। जिलाधिकारी के आदेश को दरकिनार करते हुए अधिकांश ढाबा संचालकों ने अभी तक रेट बोर्ड नहीं लगाए हैं। जिससे श्रद्धालुओं को परेशान होना पड़ रहा है।
कुंभ मेले में प्रतापगढ़ से होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुजर रहे हैं। श्रद्धालुओं को खाना और पानी के लिए परेशान न हो पड़े और होटल- ढाबा संचालक अधिक दाम न वसूल सकें। इसके लिए डीएम ने हाइवे किनारे स्थित समस्त ढाबा और होटल संचालकों को आदेश दिया था कि वह कुंभ मेला शुरू होने के पहले ही रेट बोर्ड लगा दें। डीएम के आदेश को अधिकतर ढाबा संचालकों ने ठेंगा दिखा दिया। किसी भी प्रकार का रेट बोर्ड नहीं लगाया। इसकी मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी अभिहित अधिकारी को दी गई थी, मगर उन्होंने भी ढाबों की जांच करना उचित नहीं समझा।
सेटिंग वाले ढाबों पर बसें रोकते हैं चालक
हाइवे किनारे स्थित कुछ ढाबा संचालकों ने रोडवेज चालकों और परिचालकों से सेटिंग कर रखी है। चालक उन ढाबों पर ही बसों को रोकते हैं। इसके बदले में ढाबा संचालक चालकों को खाना खिलाने के साथ ही उनकी जेब भी गर्म करते हैं।
यहां खड़ी होती हैं बसें
फैजाबाद, बस्ती और सुलतानपुर से कुंभ को जाने वाली मेला स्पेशल बसों के चालक त्रिसुंडी, सोनावां, गोड़े, चिलबिला, भुपियामऊ और मानधाता मोड़ के पास बसों को रोकते हैं।
वर्जन--------
ज्यादातर ढाबों पर रेट बोर्ड लग गए हैं। मंगलवार से इसकी जांच की जाएगी। जिनके यहां रेट बोर्ड नहीं मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धीरेंद्र प्रताप सिंह, अभिहित अधिकारी।