सितम ढा रही ठंड, रानीगंज में अधेड़ की मौत
दिनोंदिन लुढ़क रहा पारा, धूप बेअसर, धधक रहे अलाव
अधिकतम तापमान 21.0 व न्यूनतम 3.4 रिकार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। पहाड़ी हवाओं की दखल से ठंड जानलेवा हो गई है। गलन बढ़ने से धूप भी बेअसर है। दिनभर गलन व रात में कंपाने वाली ठंड की चपेट में तेजी से लोग आ रहे हैं। रविवार को ठंड की चपेट में आकर रानीगंज के रामनगर गांव में अधेड़ की मौत हो गई। दिनभर अस्पतालों मेें मरीजों की भीड़ उमड़ी रही। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 21.0 व न्यूनतम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर से लेकर गांव तक अलाव धधकते रहे।
दिसंबर के अंत में ठंड के तेवर तल्ख हो गए हैं। तेजी से तापमान लुढ़क रहा है। पहाड़ी हवाओं की दखल भी तेज हो गई है। इससे ठंड कहर बरपाने लगी है। थोड़ी सी लापरवाही बरतने पर लोग ठंड की चपेट में आ जा रहे हैं। शनिवार को भी ठंड का कहर जारी रहा। रानीगंज थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी गया प्रसाद शर्मा की ठंड की चपेट में आकर मौत हो गई। वह भोर में शौच को घर से निकले थे। रास्ते में ठंड की चपेट में आकर गिर पड़े। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो गौरा सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना को लेकर परिजनों मेें कोहराम मच गया। वहीं रविवार को दिनभर प्राइवेट अस्पताल से लेकर सरकारी अस्पताल तक मरीजों की भीड़ रही। जिला अस्पताल में इमरजेंसी में मरीजों की लाइन लगी रही। बच्चों में उल्टी-दस्त की शिकायत देखी गई। जबकि बुजुर्गों को सांस की दिक्कत रही। सर्दी, जुकाम, बुखार से भी लोग पीड़ित रहे। डॉक्टरों ने ठंड से बचाव के साथ ही खानपान में सावधानी बरतने को कहा है।