तगादा कर मदाफरपुर बाजार की ओर जा रहे दवा विक्रेता के थोक व्यापारी को तमंचे के बल पर बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया। उसके पास से 80 हजार रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है।
पट्टी कस्बा निवासी राजेश जायसवाल की पूर्वांचल मेडिकल एजेंसी है। मंगलवार को वह बोलेरो से दवा की दुकानों से वसूली करने निकला था। बोलेरो चालक सरताज चला रहा था। उसके सहयोग में सुहैल नाम का कर्मचारी भी साथ में था। वसूली करने के बाद रात करीब सवा नौ बजे वह बोलेरो से मदाफरपुर की ओर जा रहा था।
कंधई थाना क्षेत्र के कोनी बाजार के करीब दो बाइक से सवार चार बदमाशों ने बोलेरो पर पथराव कर दिया। जिससे चालक को बोलेरो रोकनी पड़ी। बोलेरो रुकते ही बदमाशों ने चालक व राजेश को तमंचा सटाकर उसके पास से 80 हजार रुपये लूटकर किशुनगंज की ओर भाग निकले।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। छानबीन के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश करने लगी। पीड़ित दवा विक्रेता ने कंधई थाने में तहरीर दी है। एसओ कंधई ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बदमाशों की तलाश की जा रही है।