प्रतापगढ़। इन दिनों विभाग ग्रामीण इलाके में बिजली कनेक्शन दे रहा है। सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त दिए जाने वाले कनेक्शन में अफसरों ने उन गांवों को भी शामिल कर लिया है, जहां अभी विद्युतीकरण ही नहीं हुआ है। विभाग का कहना है कि अभी बिजली के लिए इंतजार करना होगा। फ्री होने के कारण ग्रामीण भी कनेक्शन लेने में रुचि दिखा रहे हैं।
जिले में चार विद्युत वितरण खंड के जरिए बिजली आपूर्ति की जाती है। तीन लाख से अधिक उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अब तक बिजली कनेक्शन के लिए लोगों को उपकेंद्र से मुख्यालय तक का चक्कर लगाना पड़ता था। कनेक्शन देने में दलाल से लेकर कर्मचारी तक खूब कमाई करते हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं को पंजीयन धनराशि का भुगतान भी करना पड़ता था। इन दिनों विभाग बिजली चोरी रोकने के लिए सौभाग्य योजना के तहत घर-घर मुफ्त कनेक्शन बांट रहा है। जिले में भी चारों वितरण खंडों में लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत अब तक प्रथम में 5000 कनेक्शन बांटे जा चुके हैं, द्वितीय एवं तृतीय में 900 कनेक्शन बांटे जा चुके हैं।
रानीगंज, पट्टी, लालगंज, कुंडा व सदर क्षेत्र के जिन गांवों में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है, वहां घर-घर मौका मु़आयना कर कनेक्शन प्राथमिकता पर दिए जा रहे हैं। मजे की बात यह है कि विभागीय अधिकारी लक्ष्यपूर्ति के लिए उन आवेदनों को भी स्वीकार कर ले रहे हैं जिन गांवों में विद्युतीकरण अभी तक नहीं हुआ है। एक्सईएन प्रथम सत्यप्रकाश मिश्र व एक्सईएन द्वितीय कुंडा उमाकांत ने बताया कि कनेक्शन वितरण का कार्य प्रगति पर है। इच्छुक लोगों को गाइड लाइन के अनुरूप कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जहां विद्युतीकरण हुआ है वहां प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जबकि विद्युतीकरण से वंचित मजरों में पंजीयन कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए विद्युतीकरण की पहल की जा रही है। बताया जाता है कि जिन मजरों में अभी विद्युतीकरण नहीं हुआ है वहां बिजली पहुंचने तक कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं से बिल नहीं लिया जाएगा। उपभोक्ताओं की सूची तैयार कर पोल व तार की व्यवस्था की जा रही है।