तिलक इंटर कालेज से हाई स्कूल यूपी बोर्ड की परीक्षा देकर बाहर निकलती छात्राएं।
- फोटो : PRATAPGARH
सात हजार ने छोड़ दी हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा
गुरुवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में सख्ती के चलते सात हजार परीक्षार्थियों ने मैदान छोड़ दिया। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान व इंटर व्यवसायिक विषय की दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण रही। संयुक्त शिक्षा निदेशक ने डीआईओएस के साथ दोनों पालियों की परीक्षा में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इससे परीक्षा केंद्रों पर हडक़ंप मचा रहा।
गुरुवार को पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान व दूसरी पाली में इंटर व्यवसायिक विषय की परीक्षा थी। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में कुल 64946 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जबकि इंटर में 337 परीक्षार्थी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 बजे शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों का जायजा लेने के लिए प्रदेशीय सचल दस्ते भ्रमण को निकले। सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रट भ्रमण करते रहे।
हाईस्कूल में पंजीकृत 34167 बालक के सापेक्ष 29598 बालकों की उपस्थिति रही, जबकि पंजीकृत 30779 बालिकाओं के सापेक्ष 28543 बालिकाएं उपस्थित रहीं। कुल पंजीकृत 64946 परीक्षार्थियों के सापेक्ष कुल 6805 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में इंटर व्यवसायिक विषय के लिए पंजीकृत 656 के सापेक्ष 36 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में हाईस्कूल कृषि में पंजीकृत 151 के सापेक्ष 64 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
गुरुवार को हाईस्कूल व इंटर की दोनों पालियों की परीक्षाओं का संयुक्त शिक्षा निदेशक दिव्यकांत शुक्ल ने निरीक्षण किया। पहली पाली व दूसरी पाली की परीक्षा के दौरान उन्होंने लालगंज, सांगीपुर, सदर क्षेत्र के एक दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईओएस सर्वदानंद व एडीआईओएस डा. एसके सिंह भी मौजूद रहे। दोपहर में उन्होंने कंट्रोलरूम का भी जायजा लिया।