कौशांबी में नामांकन, बेल्हा पर होगी प्रेक्षक की नजर
छह मई को जिले के 724 बूथों पर 6,56,436 मतदाता डालेंगे वोट, 10 अप्रैल से कौशांबी में शुरू होगा नामांकन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कौशांबी संसदीय सीट पर छह मई को होने वाले मतदान के लिए दस अप्रैल से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इस सीट से लड़ने वाले प्रत्याशियों को नामांकन करने के लिए कौशांबी जाना होगा। बेल्हा की दो विधानसभाएं भले ही इस संसदीय क्षेत्र में शामिल हैं, मगर जिले में सिर्फ प्रतापगढ़ संसदीय सीट के लिए ही नामांकन होगा। फिलहाल कौशांबी में भले ही नामांकन होगा, मगर प्रेक्षक की नजर कुंडा और बाबागंज विधानसभाओं पर टिकी रहेगी।
कौशांबी संसदीय क्षेत्र के कुंडा और बाबागंज विधानसभाओं में शक्ति प्रदर्शन प्रारंभ होते ही चुनाव आयोग ने अपनी नजरें टिका दी हैं। जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजाभैया की विधानसभा होने और चुनाव के पहले ही प्रत्याशियों में तलवारें खिंचती देखकर अफसरों ने पूरा ध्यान कुंडा और बाबागंज पर लगा दिया है। पांचवें चरण में होने वाले चुनाव के लिए दस अप्रैल से नामांकन होगा और छह मई को वोट डाले जाएंगे। कुंडा के 376 बूथों पर 3,47,206 और बाबागंज के 348 बूथों पर 3,09,436 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने सभी विधानसभाओं के लिए चुनाव अधिकारी नामित करने के साथ ही प्रेक्षकों की तैनाती की है। कौशांबी संसदीय क्षेत्र के लिए नामित प्रेक्षकों को अधिक समय कुंडा और बाबागंज में देने को कहा गया है। इससे यह स्पष्ट है कि चुनाव आयोग कोई ऐसी चूक नहीं करना चाहता है, जो किसी बवाल की वजह बने।
दोनों संसदीय क्षेत्रों के लिए नामित हुए प्रेक्षक
कौशांबी और प्रतापगढ़ संसदीय सीट के लिए प्रेक्षकों की तैनाती हो गई है। कौशांबी संसदीय के प्रेक्षक दस अप्रैल को आ रहे हैं। आईएएस अफसर पूरे चुनाव में जिले में रह कर हर गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
10 और 16 अप्रैल से होगा नामांकन
कौशांबी संसदीय सीट के लिए 10 से 16 अप्रैल और प्रतापगढ़ संसदीय सीट के लिए 16 से 23 अप्रैल के बीच नामांकन होगा। पांचवें चरण का मतदान छह मई और छठवें चरण का मतदान 12 मई को होगा।
आचार संहिता उल्लंघन के अब तक दो मुकदमे
कुंडा और बाबागंज में अभी नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हुई है, फिर भी दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। हालांकि चुनाव आयोग में प्रतिदिन शिकायतें हो रही हैं, मगर अधिकारी जांच करने के बाद ही मुकदमा दर्ज कर रहे हैं।
हम किसी से कम नहीं
कौशांबी संसदीय सीट पर दमदार प्रत्याशियों के चुनाव मैदान में कूदने से लड़ाई काफी मुश्किल हो गई है। जनसत्ता दल ने पूर्व सांसद शैलेंद्र कुमार, भाजपा ने निवर्तमान सांसद विनोद सोनकर और सपा-बसपा गठबंधन से पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज संभावित हैं। तीनों प्रत्याशी नजदीक से अपनी जीत देख रहे हैं, इसलिए चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का इरादा बना चुके हैं।
कौशांबी संसदीय सीट में बाबागंज और कुंडा विधानसभा अतिसंवेदनशील में शामिल हैं। प्रत्याशियों की हर हरकत पर नजर रखी जा रही है। अभी तक दो प्रत्याशियों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। प्रेक्षक की तैनाती हो गई है, 10 अप्रैल तक आने की संभावना है।
डीपी सिंह, एसडीएम और चुनाव अधिकारी।