ग्रामीणों को भी चुकाना होगा वाटर टैक्स
फरवरी से देना होगा 70 रुपये हर माह
144 गांवों में बना है ओवरहेड वाटर टैंक व पाइप लाइन प्रोजेक्ट, 42 कर रहा काम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहरियों की तरह अब ग्राम पंचायत के लोगों से भी जलकर वसूलने की तैयारी है। वैसे तो जिले में 140 ओवरहेड टैंक बने हैं। लेकिन मौजूदा समय में 44 ही काम कर रहे हैं। जहां ओवरहेड वाटर टैंक और पाइप लाइन प्रोजेक्ट चल रहा है। इन्हीं ग्राम पंचायतों में जलकर के रूप में हर माह 70 रुपये वसूला जाएगा। ताकि रखरखाव में धन की बाधा न आ सके।
जिले में 1255 ग्राम पंचायतें हैं। गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने के लिए कुल 140 ओवरहैड वाटर टैंक व पेयजल पाइप लाइन प्रोजेक्ट संचालित हैं। मौजूदा समय में केवल 42 ओवरहैड टैंक से करीब 350 गांव के लोगों को पानी आपूर्ति की जा रही है। कई गांव में यह प्रोजेक्ट लगाने की तैयारी है। अभी तक इन गांवों में वाटर टैक्स नहीं वसूला जाता था। इस कारण पंप आपरेटर का खर्चा और नलकूप का बिल जमा कराने में विभाग को दिक्कत आ रही थी लेकिन अब शासन के नए आदेशानुसार इस समस्या को दूर करने के लिए जलकर वसूलने का निर्णय लिया गया है। जिन गांवों से ओवरहैड टैंक में पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति होती है। उन गांव के लोगों से फरवरी माह से 70 रुपये जलकर के रूप में वसूले जाएंगे। ताकि संबंधित खर्च निकल सके। इसके लिए जलनिगम विभाग व ग्राम्य विकास अभिकरण के मध्य बैठक भी हो चुकी है। सभी परिवारों को प्रत्येक माह पानी का बिल भी दिया जाएगा। इसके अलावा जिन गांवों में ओवरहैड टैंक व पाइप लाइन बिछाने की तैयारी चल रही है। उन गांवों में सप्लाई शुरू होते ही जलकर निर्धारित कर जलकर के रूप में टैक्स वसूले जाएंगे।
इनसेट====
दो साल से नहीं मिला बजट
ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने के लिए गांवों में बने एक ओवरहैड टैंक से लगभग 8 से 15 गांवों को पानी की आपूर्ति की जाती है। ओवरहैड टैंक और क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत के लिए जलनिगम को बजट मिलता था। विभागीय सूत्रों की मानें तो दो साल से बजट नहीं मिला। जिसके चलते कई ओवरहैड टैंक से गांव के लोगों को पानी की आपूर्ति बंद हो चुकी है। कहीं पाइप लाइन क्षतिग्र्रस्त है तो कहीं पंप खराब है। आपरेटर का मानदेय नहीं मिल सका है। जिसके चलते ओवरहैड टैंक से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
इनसेट-----
संसाधनों के अभाव से जूझ रहा विभाग
जलनिगम विभाग मौजूदा समय में संसाधनों व बजट न होने से जूझ रहा है। बजट न मिलने से नए प्रोजेक्ट पर भी का प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। पुराने अधूरे काम भी ठप पड़े हैं। शहर की सीवर लाइन ट्रीटमेंट प्लांट बजट के अभाव में शुरू नहीं हो सकी।
वर्जन-----
जिन गांवों में ओवरहैड टैंक से पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है। वहां पर अगले माह से ग्राम्य विकास विभाग के सहयोग से जलकर वसूलने की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
आरएस वर्मा, एक्सईएन, जलनिगम।
00000000000
0000000
शिक्षिका के बेटे की हत्या करने वाले दे रहे धमकी
प्रतापगढ़। शिक्षिका के बेटे की हत्या करने के आरोपी पुलिस की लापरवाही से खुलेआम घूम रहे हैं। अब वे शिक्षिका पर सुलह समझौते का दबाव बना रहे हैं। कंधई थाना क्षेत्र के भैंसौनी निवासी बलवंती देवी पत्नी भागीरथी प्राइमरी स्कूल में हेडमास्टर है। उसके बेटे संदीप कुमार की हत्या कर लाश धान के खेत में फेंक दी गई थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी दर्शन के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की। शिक्षिका ने गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि आरोपी युवक अब उसे सुलह के लिए धमका रहा है। शिकायत के बाद भी कंधई पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही।