संगम की रेती पर लगने वाले महाकुंभ मेले के 60 दिन शेष बचे हैं। मगर अभी तक कोच न मिलने के कारण रेस्टोरेंट तैयार नहीं हो सका। ऐसे में महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
प्रयागराज के संगम की रेती पर 14 जनवरी से महाकुंभ मेला प्रारंभ होगा। ट्रेनों से सफर करने वाले श्रद्धालुओं के लिए मां बेल्हादेवी जंक्शन पर दीपावली के पहले कोच रेस्टोरेंट का निर्माण कराने के लिए रेलवे बोर्ड ने ठेकेदार अशोक कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी, लेकिन अभी तक रेस्टोरेंट तैयार नहीं हो सका। इसके पीछे कोच मुहैया न होना वजह बताया जा रहा है। ठेकेदार ने बताया कि कोच के लिए ट्रैक बिछा दिया गया है। जैसे ही कोच मिलता है। जल्द से जल्द रेस्टोररेंट तैयार किया जाएगा। कोच के लिए लगातार लखनऊ का चक्कर काट रहा हूं। ऐसे में यदि यही स्थिति बनी रही तो महाकुंभ मेले में जाने वाले दर्शनार्थियों को कोच रेस्टोरेंट का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसे एक माह पहले ही बनकर तैयार हो जाना था। अभी तक 50 प्रतिशत ही रेस्टोरेंट तैयार हो सका है।
ऐसे तैयार किया जा रहा कोच रेस्टोरेंट
जंक्शन पर जिस कोच रेस्टोरेंट के लिए लोगों का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। एसएस शमीम अहमद ने बताया कि जंक्शन के पुराने पार्क में ट्रैक डालकर दो कंडम कोच रेलवे खड़े किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रेल कोच रेस्टोरेंट जितना आकर्षक बनाया जा रहा है, उससे कहीं ज्यादा अंदर से आकर्षक होगा। ट्रैक बिछाया गया है। जल्द ही कोच आ जाएगा। इसके बाद सिर्फ फर्नीचर आदि डालने का काम बचेगा। जनवरी तक प्रयास रहेगा कि रेस्टोरेंट चालू हो जाएगा।
रेल कोच रेस्टोरेंट का संचालन रेल मंडल द्वारा प्राइवेट एजेंसी को दिया गया है। एजेंसी ही इसका निर्माण कर रही है। कंडम कोच जल्द ही मुहैया करा दिए जाएंगे। जिससे महाकुंभ मेला में जाने वाले दर्शनार्थियों को शुद्ध भोजन मिल सके।
- एसके जायसवाल, जनसंपर्क अधिकारी