मुठभेड़ में दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े
प्रतापगढ़/मानधाता। कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोच लिया। उनके पास से तमंचा-कारतूस बरामद हुआ। चिलबिला चौकी की पुलिस ने भोरई का पुरवा से इमरान खान पुत्र इकरार अहमद खान निवासी सिटी कजियाना मोहल्ला व फैजल पुत्र मोहम्मद नसीम निवासी सिटी कजियाना सैयद मोहल्ला थाना कोतवाली नगर को दबोच लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फतनपुर पुलिस ने लालमणि यादव पुत्र रमाशंकर यादव निवासी गारापुर को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मानधाता पुलिस ने यासिर अली पुत्र वासिक अली निवासी मदईपुर थाना मानधाता व इस्तिखार अहमद पुत्र हसीमुद्दीन निवासी नहवई को नहवइया पुल के पास से तमंचा व कारतूस के साथ दबोच लिया। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
अनियंत्रित बाइक पलटने से युवक घायल
रखहा। अनियंत्रित बाइक पलटने से युवक घायल हो गया। नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी अमित शर्मा (27) मंगलवार को बाइक से अपनी ससुराल सराय गनई जा रहा था। रखहा के करीब वह बाइक लेकर गिर पड़ा। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
चोरों ने किसान को पीटा
संडवाचंद्रिका। लहसुन चुरा रहे चोरों ने किसान को पीटकर घायल कर दिया। अंतू थाना क्षेत्र के आधारपुर निवासी आजाद सिंह पुत्र लाल साहब सिंह घर पर रहकर खेती का काम करते हैं। आजाद ने अपने खेत में लहसुन की खेती कर रखी है। मंगलवार की सुबह आजाद अपने खेत में गए थे। तभी दो अज्ञात लोग लहसुन उखाड़ रहे थे। विरोध करने पर चोरों ने आजाद को पीटकर घायल कर दिया।
18 पेटी अवैध शराब बरामद
कोहड़ौर/संडवाचंदिका। कोहड़ौर पुलिस ने 18 पेटी अवैध शराब बरामद कर आरोपी को दबोच लिया। शराब कुंडा से होली में बेचने के लिए लाई गई थी। कोहड़ौर थानाध्यक्ष ने नरहरपुर निवासी मनोज सिंह के घर दबिश देकर 18 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने मनोज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर अंतू पुलिस ने 40 लीटर कच्ची शराब के साथ बृजेंद्र बहादुर सिंह पुत्र राजेंद्र बहादुर सिंह निवासी जलिपा नगर को दबोच लिया।
बाइक की टक्कर से बालिका घायल
संडवाचंद्रिका। अंतू थाना क्षेत्र के बरबंडा निवासी कीर्ति (9) पुत्री विजय कुमार मंगलवार दोपहर घर के सामने किराने की दुकान पर सामान खरीदने गई थी। लौटते समय बंडा मोड़ के पास बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया।
सपा नेता की कार से उड़ाया बैग
प्रतापगढ़। शहर के कोषागार चौराहे पर खड़ी दो कारों से बदमाशों ने बैग व कीमती सामान उड़ा दिए। सपा नेता धीरज यादव की कार कोषागार चौराहे के पास खड़ी थी। कपड़े की दुकान के मालिक सुरेंद्र की भी कार समीप ही खड़ी थी। बदमाश दोनों कारों का शीशा तोडक़र बैग समेत अन्य सामान चुरा ले गए। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मानधाता थाने में जमकर हुई मारपीट
देल्हूपुर। मानधाता थाने में रंजिश को लेकर शिकायत करने पहुंचे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मानधाता-जेठवारा मार्ग पर सत्येंद्र सिंह ने आटो पाट्र्स की दुकान खोल रखी है। मंगलवार की शाम चंद्रशेखर सामान खरीदने आया था। तभी किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदशयों की मानें तो कुछ देर बाद चंद्रशेखर अपने साथियों के साथ लौटा। सभी सत्येंद्र सिंह को पीटने लगे। बीच-बचाव करने के लिए आसपास के लोग दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया। इससे सत्येंद्र व राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई। घायल पक्ष थाने पर मौजूद था। तभी दूसरा पक्ष भी थाने पहुंच गया। जहां उनके बीच थाने के भीतर ही मारपीट होने लगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया।
बाजार में दो पक्षों के बीच मारपीट
कोहड़ौर। जमीन विवाद को लेकर भरे बाजार मंगलवार को दो पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। कोहड़ौर बाजार में जमीन को लेकर गुलजार और अहमद अली के बीच विवाद चल रहा था। अहमद पक्ष के लोग निर्माण करा रहे थे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। मारपीट में गुलजार व अहमद अली घायल हो गए।