एक सचिव और दो प्रधान के खिलाफ गबन का मुकदमा
शौचालय की धनराशि हजम करने पर गिरी गाज
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शौचालय की धनराशि हजम करने वाले बीस गांव के सचिव संजय पांडेय और दो प्रधान के खिलाफ आसपुर देवसरा थाने में गबन का मुकदमा दर्ज कराया गया है। एडीओ पंचायत ने इब्राहिमपुर के प्रधान दिनेश कुमार गौतम और रामगंज की प्रधान शांति देवी के खिलाफ डीपीआरओ के निर्देश पर यह कार्रवाई की है।
आसपुर देवसरा विकास खंड के इब्राहिमपुर और रामगंज में शौचालय की धनराशि निकाल कर फर्जी फोटो अपलोड कर दी गई थी। डीएम की समीक्षा बैठक में खुुलासा होने पर डीएम ने मुकदमा दर्ज कराने को कहा था। मगर डीपीआरओ हीलाहवाली करते रहे। शनिवार को डीएम की फटकार के बाद डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को थाने भेजकर इब्राहिमपुर के प्रधान दिनेश कुमार गौतम और रामगंज की प्रधान शांति देवी और बीस गांव के सचिव की जिम्मेदारी निभाने वाले ग्राम विकास अधिकारी संजय पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगापुर में पीडी ने पकड़ा एक और घपला
प्रधान और सचिव ने बांट लिया, लाभार्थी का हिस्सा
अठेहा (ब्यूरो)। जिले के सांगीपुर इलाके के मंगापुर ग्राम पंचायत में आवास घोटाले की एक और परत खुली है। शनिवार को गांव पहुंचे पीडी दयाराम यादव की जांच में खुलासा हुआ कि लाभार्थी को धनराशि मिली ही नहीं है और आईडी पर रुपये निकल गए हैं।
शनिवार को लालगंज ब्लाक में आयोजित सामूहिक विवाह के बाद पीडी दयाराम यादव मंगापुर गांव पहुंच गए। आवास के सत्यापन में खुलासा हुआ कि जिस लाभार्थी के नाम पर धनराशि निकाली गई है, उसे जानकारी ही नहीं है। गांव की रामरती, रामकली, प्रभु, प्रेमा, रामदेव सहित लगभग एक दर्जन लाभार्थी ऐेसे मिले हैं, जिनके नाम से धनराशि तो जारी की गई है, मगर लाभार्थियों को नहीं मिली है। पीडी दयाराम यादव ने बताया कि गांव की पूरी जांच अभी नहीं हो पाई है। फिलहाल गड़बड़ी हुई है, जल्द ही जांच करके दोषी लोगों को दंडित किया जाएगा।