डीएम से मिलने पहुंचे व्यापारी गेट पर बैठे
सौंपा ज्ञापन, बोले उनके साथ किया जाए इंसाफ
दुकानों के टूटने को लेकर सशंकित हैं दुकानदार
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिला व महिला अस्पताल की जमीन पर प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज निर्माण के दौरान दुकानों के टूटने की आशंका से भयभीत दुकानदारों ने बुधवार को जिलाधिकारी आवास पर प्रदर्शन किया। डीएम के गेट पर बैठने के बाद मिलकर ज्ञापन सौंपा। दुकानदारों ने कहा कि उनके साथ इंसाफ होना चाहिए। जिससे उनके परिवार के गुजर बसर के लिए दिक्कत न हो।
प्रस्तावित मेडिकल कालेज निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण करने के बाद राजस्व विभाग ने 60 दुकानों को चिह्नित किया था। जिसके बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया था। तीन दिन से व्यापारी आंदोलित हैं। दो दिनों तक दुकान बंद कर विरोध जता रहे व्यापारी बुधवार को जिलाधिकारी शंभु कुमार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। व्यापारियों ने डीएम गेट पर कुछ देर तक बैठकर नारेबाजी की और बाद में जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। कहा कि उन लोगों के साथ इंसाफ होना चाहिए। मेडिकल कालेज के दूसरे रास्ते पर विचार करने की जरूरत है। डीएम ने सभी की बातों को सुना। दुकानदारों का कहना था कि यदि दुकानों टूट जाएंगी तो उनके परिवार के सामने रोजी रोटी की समस्या पैदा होगी। उस क्षेत्र में सैकड़ों लोगों का कारोबार चलता है। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह छाबड़ा, पूर्व सभासद व व्यापारी नेता अख्तर राईन , राकेश कुमार, मुमताज, संजय कुमार, रोहित अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट------
तीसरे दिन खोली गईं दुकानें
प्रस्तावित मेडिकल कालेज के निर्माण के दौरान दुकानें टूटने की आशंका को लेकर आंदोलनरत दुकानदारों ने बुधवार को तीसरे दिन अपनी दुकानें सुबह से खोल दीं। जिससे लोगों को दो दिन से होनी वाली दिक्कत दूर हो गई। दुकानें खुलने से जिला व महिला अस्पताल के आसपास चहल-पहल देखने को मिली।
इनसेट------
मेडिकल कालेज का समर्थन, व्यापारियों को भी न हो समस्या
जिला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बुधवार को बैठक बुलाई गई। जिसमें प्रस्तावित मेडिकल कालेज के निर्माण को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी ने कहा कि मेडिकल कालेज का निर्माण जिले के लिए सौभाग्य की बात है। मेडिकल कालेज बनने से आसपास के दुकानदारों का व्यवसाय उजड़ जा रहा है। मेडिकल कालेज का विरोध व्यापार मंडल नहीं कर रहा है। शासन से मांग है कि प्रभावित दुकानदारों के परिवारों पर पूर्ण सहानुभूति रखकर उनके लिए व्यवस्था बनाई जाए। व्यापारी हित में 21 जनवरी को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन की रूपरेखा तय की गई। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रमाशंकर जायसवाल, अभय खंडेलवाल, श्यामलाल जायसवाल, ज्ञान प्रकाश केसरवानी, अशोक खंडेलवाल, अश्वनी केसरवानी, नीरज शुक्ला, रवि केसरवानी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
इनसेट------
रास्ता चौड़ा करने के लिए हटाया गया ट्रांसफार्मर
जिला महिला अस्पताल की सरहद के करीब ही बिजली विभाग का ट्रांसफार्मर सड़क किनारे रखा हुआ था। सड़क सकरी होने के कारण निर्माण कार्य शुरू होने में दिक्कत होती। सर्वे करने पहुंची टीम ने सड़क सकरा होने की रिपोर्ट दी थी। बिजली विभाग ने बुधवार को एसबीआई के सामने स्थित ट्रांसफार्मर जीआईसी में शिफ्ट कराया। जिससे उस एरिया की बिजली कटी रही।