टीईटी परीक्षा के चलते जगह-जगह लगा जाम
मोहनगंज में लगा भीषण जाम, कुंडा जा रहे एसपी भी फंसे
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। टीआईटी के परीक्षार्थियों की भीड़ से सुबह से लेकर देर रात तक हाईवे व सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। मोहनगंज में जाम के फेर में फंसे परीक्षार्थियों की सांसें हलक में अटकी रहीं। वह डायल 100 को फोन कर मदद मांगते रहे ताकि वह परीक्षा देने के लिए समय से पहुंच सके। कुंडा की ओर जा रहे पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा भी जाम में फंसे। एसपी वाहन से उतरकर जाम हटवाया। तब जाकर परीक्षार्थियों ने राहत की सांस ली। हालांकि एसपी के जाते ही फिर जाम लग गया।
जिले में रविवार को दो पालियों में टीईटी परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा था। कोई चार पहिया वाहन तो कोई दुपहिया वाहन से परीक्षा देने के लिए केंद्रों की ओर भागा। परीक्षार्थियों की भीड़ ने यातायात व्यवस्था ध्वस्त कर दी। सबसे अधिक परेशानी लोगों को वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर मोहनगंज व शहर में उठानी पड़ी। शहर की हर सड़कों पर जाम देखा गया। पांच मिनट का रास्ता तय करने में लोगों को सवा घंटा लग जा रहा था। मोहनगंज में तो आठ बजे से ही जाम लग गया। कंटेनर व ट्रक के चलते तिराहे पर जाम की समस्या पैदा हुई। पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी पहले अलर्ट नहीं हुए। नतीजा देखते ही देखते आगे निकलने के होड़ में वाहन आड़ा तिरछा खड़ा कर लोग फंसे रहे। जाम में फंसने वालों में बड़ी संख्या में परीक्षार्थी थे। जो डायल 100 के साथ ही पुलिस अफसरों से मदद मांगते रहे। हालांकि करीब नौ बजे पुलिस अधीक्षक कुंडा की ओर जाते समय मोहनगंज पहुंचे। वह भी जाम में फंस गए। समस्या को देखते हुए एसपी खुद वाहन से उतरकर वाहनों को एक रूट पर कराने लगे ताकि जाम समाप्त हो सके। एसपी ने पुलिसकर्मियों को फटकार भी लगाई। हालांकि एसपी के जाते ही फिर जाम की समस्या पैदा हो गई। जो देर रात तक बनी रही। पुलिसकर्मी जाम समाप्त कराने के लिए पसीना बहाते रहे। शहर के चिलबिला से लेकर जोगापुर तक जाम लगा रहा। कचहरी से लेकर चौक के रास्ते पर भी वाहन रेंगते रहे। यहां तक कि चौक के करीब तहसीलदार सदर भी जाम में फंस गईं। उन्हें करीब एक घंटे तक जाम में जूझना पड़ा।
इनसेट-------
मोहनगंज में परीक्षार्थियों ने किया हंगामा, पैदल ही चल पड़े
मोहनगंज में जाम की समस्या को देखते हुए परीक्षार्थी वाहनों से नीचे उतर पड़े। कुछ देर तक तो खुद जाम हटवाने का प्रयास किया। कामयाबी न मिलती देख तिराहे पर हंगामा करने लगे। इसके बाद परीक्षार्थी पैदल ही चल पड़े।
इनसेट-----
जाम देख पगडंडी और गलियों की ओर भागे
मोहनगंज और शहर में लगे जाम को देखते हुए परीक्षा छूटने के भय से परीक्षार्थी हाईवे व सड़क छोड़कर पगडंडी व गलियों की ओर भागे। मोहनगंज बाजार में तीन किमी लंबे जाम को देखते हुए परीक्षार्थी व दूसरे लोग कच्चे रास्तों से होकर भागे। बाइक सवार परीक्षार्थी काफी मशक्कत करते रहे। शहर की गलियों में भी जाम की समस्या अचानक पैदा हो गई। लोगों की भीड़ सड़क पर लगे जाम से बचने के लिए गलियों की ओर भागी। जिससे पल्टन बाजार, टक्करगंज, सिप्तैन रोड, सदर बाजार से लेकर सिनेमा रोड पर जाम की समस्या बनी रही।
इनसेट------
पुलिसकर्मी हो गए असहाय
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पहले से ही प्रशासन ने तैयारी की थी। सभी चौकी प्रभारियों के साथ ही यातायात पुलिस को अपने इलाके में नजर रखने के लिए कहा गया था। शहर में चौराहों पर पुलिसकर्मी मौजूद रहे लेकिन परीक्षार्थियों के उमड़े सैलाब के आगे वे असहाय नजर आए। हर कोई आगे निकलने की होड़ में पुलिसकर्मियों के इशारे को धता बताता दिखा।
इनसेट----
कोतवाली से भेजी गई फोर्स
मोहनगंज में लगातार जाम की समस्या को देखते हुए नगर कोतवाली से अतिरिक्त फोर्स भेजी गई। सिटी चौकी की पुलिस को भी जाम समाप्त करने के लिए लगाया गया। हालांकि वाहनों के एक साथ आ जाने के कारण जाम की समस्या बनी रही।