प्रतापगढ़। शासन के निर्देश पर जिला व महिला अस्पताल को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। इसका फायदा मरीजों से ज्यादा अस्पताल के पड़ोस में रहने वाले दर्जनों लोग उठा रहे हैं। उन्होंने अस्पताल के पोल से अपने केबिल जोड़ लिए हैं। बगैर बिल जमा किए ही वे 24 घंटे बिजली का उपयोग कर रहे हैं। एसी, फ्रीज, कूलर के साथ अन्य इलेक्ट्रानिक सामान अस्पताल की बिजली से धड़ल्ले से चलाए जा रहे हैं।
उधर, जिला अस्पताल को भले ही चौबीस घंटे बिजली मिल रही है, लेकिन इसका लाभ न मरीजों को मिल पा रहा और न ही डाक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को। यहां हमेशा लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। विभिन्न वार्डों और ओपीडी में लगे पंखे रेंगते रहते हैं। कूलर और एसी ठप पड़े हुए हैं। ब्लडबैंक, ओटी, पैथॉलाजी सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे एसी लो वोल्टेज की समस्या के चलते नहीं चल पा रहे हैं। अस्पताल के पीछे रहने वाले दर्जनों लोगों ने प्राइवेट वार्ड के बगल से अवैध तरीके से अस्पताल के पोल से अपना विद्युत केबिल जोड़ लिया है। बगैर बिल का भुगतान किए 24 घंटे विद्युत का लाभ ले रहे हैं। दूसरी ओर एसी से लेकर अधिक पॉवर खींचने वाले इलेक्ट्रानिक सामान संचालित कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के सीएमएस से लेकर एक भी स्वास्थ्य कर्मचारी इसका विरोध नहीं करते हैं। इससे अस्पताल के पड़ोस में रहने वाले लोग बकायदा किसी खर्च के बिजली का फायदा उठा रहे हैं।
इनसेट--------
एक बार काटा गया कनेक्शन, फिर जोड़ लिया
जिला अस्पताल के पोल से अस्पताल के पीछे रहने वाले लोगों ने हाल ही में अपना केबिल नहीं जोड़ा है। वे कई वर्षों से अवैध तरीके से बिजली का फायदा उठा रहे हैं। 24 घंटे जिला अस्पताल में विद्युत आपूर्ति शुरू हुई तो विद्युत विभाग ने बाहरी लोगों का कनेक्शन काटकर हटा दिया था। बाद में लोगों ने फिर अपना केबिल जोड़ लिया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि अस्पताल के एक बड़े अफसर ने ही पैसा लेकर केबिल जुड़वा रखा है। हम लोगों ने कई बार विरोध किया, लेकिन चुप करा दिया जाता है।
इनसेट---------
किसी दिन हो सकता है बड़ा हादसा
किसी दिन जिला अस्पताल में शॉर्टसर्किट से आग लग सकती। इससे मरीजों की जान भी मुश्किल में पड़ जाएगी। दरअसल जिस तरह से अस्पताल के पीछे रहने वाले लोगों ने एक पोल से कई केबिल जोड़ लिया है उससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। केबिल भी दो तीन स्थानों से कटे हुए हैं। शार्ट सर्किट से आग लगने का डर भी बना हुआ है। उधर, मर्चरी हाऊस की ओर से कुछ लोग केबिल खींचकर अपने घर ले गये है। बुधवार को वहां एक केबिल टूटकर नीचे गिर गया था। कई तीमारदार बाल-बाल बचे थे।
वर्जन--------
जांच करवाकर तत्काल जितने लोगों ने अवैध रूप से अपना केबल जोड़ रखा है उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। केबल को काटकर निकाल दिया जाएगा। सीएमएस के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
डा. यूके पांडेय, सीएमओ।
वर्जन-----
प्रभारी सीएमएस अपने पद का अब दुरुपयोग करने लगे हैं। कई शिकायतें मिली हैं। जांच करवाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डा. बीपी सिंह, एडी स्वास्थ्य, मंडल इलाहाबाद।
फोटो
जिला अस्पताल की बिजली से रोशन हो रहे दर्जनों मकान
अस्पताल में हमेशा रहती है लो वोल्टेज की समस्या, रेेंगते हैं पंखे
अस्पताल के साथ इन लोगों के घर की कभी भी नहीं कटती बिजली, मुफ्त का ले रहे मजा
अमर उजाला ब्यूरो