जीआईसी में शिक्षक भर्ती को काउंसिलिग कराते अभ्यर्थी।
- फोटो : PRATAPGARH
31,277 सहायक अध्यापक भर्ती में 1109 अभ्यर्थियों को शुक्रवार को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। 50 अभ्यर्थियों को अफीम कोठी में कैबिनेट मंत्री नियुक्ति पत्र देंगे, जबकि जीआईसी में विधायक और सांसद नियुक्ति पत्र बाटेंगे। जिले में 1176 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। जिसमें 1109 लोगों ने दो दिन में काउंसलिंग कराई।
67 अभ्यर्थी काउंसलिंग कराने नहीं आए। इधर, गैरजनपद में तैनाती पाने वाले तीन अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी ज्वाइन नहीं कराया गया। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के हाथों अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया जाएगा।
शहर के विवेकनगर निवासी अर्पित मिश्र गोंडा में अध्यापक हैं, मेरिट सूची में नाम शामिल था, वह हाईकोर्ट का आदेश भी लेकर आए थे। मगर बीएसए ने उनकी काउंसलिंग कराने से मना कर दिया।
बीएसए अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अफीम कोठी में होने वाले कार्यक्रम में 50 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। जबकि 1059 लोगों को जीआईसी में विधायक और सांसद नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। बीएसए ने बताया कि जिले के सभी विधायकों और सांसद को कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए बुलाया गया है।