दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के पर्व को देखते हुए खाद्य विभाग की टीम भी खाद्य सामग्रियों की जांच करने में जुटी है। मंगलवार को 45 किलो कलाकंद नष्ट कराया गया। वहीं, दुकानों से जांच के लिए तीन नमूने भी लिए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) अभय कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार तिवारी के नेतृत्व में सचल दल ने विभिन्न बाजारों में स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। सिप्तैन रोड स्थित राजकमल के खाद्य प्रतिष्ठान से कलाकंद का एक नमूना लेते हुए 45 किलो मिठाई को नष्ट कराया। जिसकी कीमत करीब 6,750 रुपये आंकी गई है।
भुपियामऊ स्थित मिश्रा स्वीट्स हाउस के खाद्य प्रतिष्ठान से खोया का नमूना संग्रहित किया गया। विश्वनाथगंज बाजार स्थित पलस विश्वास के खाद्य प्रतिष्ठान से बर्फी का एक नमूना संग्रहित किया गया। दीपावली को देखते हुए जनपद के विभिन्न बाजारों में फूड सेफ्टी ऑन व्हील वाहन से आमजन मानस को जागरूक करते हुए 26 नमूनों की जांच की गई। जांच में दो नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। टीम में रोशन सिंह, संतोष कुमार दूबे, संजय कुमार नन्हकू, शहाबउद्दीन सिद्दीकी, डाॅ. तूलिका शर्मा आदि मौजूद रहे।