वारंटी, वांछित ने वोट दिया तो नपेंगे थानेदार
चुनाव प्रचार में निकलने पर नजर रखने का आदेश
गिरफ्तारी के अभियान के बाद भी नहीं घट रही संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले में सौ से अधिक वारंटी और वांछितों को लेकर चुनाव आयोग भी सतर्क हो गया है। आयोग ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि वारंटी और वांछित किसी हाल में चुनाव प्रचार न कर सकें और न ही मतदान कर सकें। अगर वे मतदान करने पहुंचें तो तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाय। इस बाबत सभी थानेदारों को सचेत किया गया है।
आयोग ने चुनाव से पहले शराब और असलहों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने संबंधी आदेश के बाद अपराधियों पर भी शिकंजा कसने का आदेश दिया है। जिले में गिरफ्तारी का अभियान चलाने के बाद भी वांछितों और वारंटियों की संख्या सौ से कम नहीं हो सकी। आयोग से आदेश आने के बाद एसपी एस आनंद ने सभी थानेदारों को चेतावनी दी है। कहा है कि थानेदार अपने क्षेत्र के वारंटियों और वांछितों को सूचीबद्ध कर लें। यह सुनिश्चित करें कि कोई भी वारंटी व वांछित किसी का चुनाव प्रचार न कर सके। ऐसे लोग मतदाताओं को धमकी भी दे सकते हैं। अगर किसी इलाके में वारंटी व वांछित चुनाव प्रचार करते मिले तो थानेदार पर कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन चाहिए....
चेकिंग के दौरान पुलिस ने सगे भाइयों को पीटा
बीमार लोगों को भी नहीं छोड़ रही पुलिस, सदर बाजार पर तैनात पुलिसकर्मियों की मनमानी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शहर के सदर बाजार में गर्मी में चेकिंग का गुस्सा पुलिसकर्मी आम लोगों पर उतार रहे हैं। भले ही आप परेशान हों, यदि थोड़ी भी गलती हुई तो पिटने के लिए तैयार रहें। रविवार को चेकिंग के दौरान बाइक न रोकने पर पुलिसकर्मियों ने इलाज कराकर लौट रहे सगे भाइयों को जमकर पीटा। पिटाई के बाद दोनों को कोतवाली में बंद कर दिया। इसके अलावा भी युवकों पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान लाठी भांजी।
तेज धूप की गर्मी में पुलिसकर्मियों ने अपना आपा खो दिया हैं। सदर बाजार में मार्बल व्यापारी की सुरक्षा में लगाए गए पुलिसकर्मी अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगे हैं। पुलिसकर्मियों की मनमानी का शिकार आम लोगों को होना पड़ रहा है। रविवार दोपहर सुलतानपुर के रहने वाले सगे भाई चंद्रप्रकाश यादव व पुष्पेंद्र उपचार कराकर बाइक से घर लौट रहे थे। सदर बाजार में पुलिसकर्मियों ने बाइक रोकी लेकिन उनकी बाइक थोड़ी सी आगे बढ़ गई। बस फिर क्या था। पुलिसकर्मी दोनों भाइयों को लाठी डंडे व लात घूंसे से पीटने लगे। वे इलाज का पेपर दिखाते हुए रहम की भीख मांगते रहे लेकिन पुलिसकर्मी उनकी एक भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। पहले जमकर पीटा। जिससे पुष्पेंद्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों भाइयों को कोतवाली भेज दिया गया। दोनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के दौरान भाग रहे दो युवकों को भी जमकर लाठियां भांजी और कोतवाली भेज दिया। उनकी ऐसी कोई गलती भी नहीं थी। फिलहाल चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के रवैये पर पुलिस अफसर भी खामोश हैं।
बिजली के गोदाम में चोरी
प्रतापगढ़। बिजली के गोदाम से विद्युत उपकरण चुराकर भाग रहे चोरों पर कर्मचारी की नजर पड़ गई। लोगों के दौड़ने पर चोर ईरिक्शा छोड़ कर भाग निकले। नगर कोतवाली के चिलबिला बिजली गोदाम से सामान चुराकर रविवार भोर में दो चोर ईरिक्शा पर लादकर ले जा रहे थे। इस पर कर्मचारी संजय की नजर पड़ गई। उसके शोर मचाने पर कर्मचारी व आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों को आता देख चोर भाग निकले। कर्मचारी सामान कब्जे में ले लिए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ई रिक्शा को उठाकर ले आई। चोरों की तलाश पुलिस कर रही है।
बाट माप कार्यालय में चोरी
प्रतापगढ़। बाट माप कार्यालय का ताला तोड़कर चोर कीमती सामान उठा ले गए। नगर कोतवाली के खांडेराय में बाप माप कार्यालय है। शनिवार की रात चोर ताला तोड़कर कार्यालय में रखा कीमती सामान उठा ले गए। शिकायत मिलने पर पुलिस छानबीन कर रही है।