संविदा कर्मियों की हड़ताल से चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था
पांचवें दिन भी हड़ताल पर रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी, किया बुद्धि-शुद्धि यज्ञ
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे हैं। जिसके चलते स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। आयुष्मान भारत योजना के पात्र मरीजों को जहां गोल्डन कार्ड नहीं बन पा रहा है, वहीं मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है। संविदा के चिकित्सक भी हड़ताल पर चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग में तैनात समस्त संविदा कर्मचारी एवं आशा बहू अपनी मांगों को लेकर बीते पांच दिनों से अस्पताल परिसर में धरना दे रही हैं। इनके हड़ताल पर चले जाने और धरना लगातार जारी रखने के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी हो गई है। मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। संघ के अध्यक्ष सीएम शुक्ला ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर आक्रोश जताते हुए शुक्रवार को सरकार के लिए बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। संगठन की लड़ाई में मजबूती लाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष नरसिंह मिश्रा, युवा कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज तिवारी एवं कांग्रेस के महासचिव गप्पू तिवारी ने भी धरना स्थल पहुंच कर सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर आशा सिंह, शोभा, मिथिलेश, शशि बाला, अमित कुमार, सुमित, अजय रोहित, इंद्रेश, शैलेश कुमार दुबे सहित भारी संख्या में आशा व स्वास्थ्य संविदा कर्मी मौजूद रहे।
वर्जन------
हड़ताल पर बैठे संविदा कर्मियों को काम पर लौटने के लिए कहा गया है। यदि वह काम पर नहीं लौटते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।
एके श्रीवास्तव, सीएमओ।