शहर की समस्याओं व नगर पालिका में भ्रष्टाचार के विरोध में सभासदों ने जंग छेड़ दी है। भाजपा के सभासदों के साथ 15 सदस्यों ने नगर परिसर में धरना दिया। चेताया कि यदि उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो वे लोग 25 सितंबर को कार्यालय में तालाबंदी करेंगे।
नगर पालिका परिसर में सोमवार को सभासदों ने अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन के साथ जिम्मेदारों के खिलाफ जंग छेड़ दी।
करनपुर सिविल लाइन के सभासद व जिला योजना के सदस्य विनय सिंह भोला की अगुवाई में जुटे सभासदों ने नगर पालिका में होने वाले मनमाने कार्यों पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की। सभासदों का कहना है कि नगर पालिका में प्रत्येक माह बोर्ड बैठक नहीं हो रही है। सदर विधायक द्वारा प्रस्तावित सडक़ों पर नगर पालिका की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र देेने में हीलाहवाली की जा रही है। शहर में अवैध वाहन अड्डों के संचालन के जरिए पालिका की आय पर डाका डाला जा रहा है।
शहर में बिजली के पोल पर लगने वाली एलईडी लाइट की घटिया क्वालिटी के चलते अंधेरा व्याप्त रहता है। एलईडी खरीद में घपलेबाजी की जांच कराई जाए और ठेका कर्मचारियों पर जीएसटी के नाम पर अवैध वसूली रोकने के अलावा काटे गए रुपये वापस कराया जाए। आंदोलन के दौरान सभासदों ने कहा कि नागरिकों का विश्वास तोडने का काम नगर पालिका परिषद कर रही है। बिजली, पानी, सफाई व्यवस्था पूर्णरूप से ध्वस्त हो चुकी है। हर काम में भ्रष्टाचार व्याप्त है। जिसकी जांच कराई जाए। यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं हुआ तो 25 सितंबर को कार्यालय में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा सभासद व नगर मंत्री छाया श्रीवास्तव, आशुतोष सिंह, अभय कुमार, सिद्धार्थ सिंह, अनिल सिंह, शीला सिंह, मालती सिंह, श्रीनाथ यादव, मुहिब्बुल आरफीन उर्फ पप्पू, प्रदीप जायसवाल समेत अन्य सभासद मौजूद रहे।