जिला अस्पताल ओपीडी में पर्चा काउंटर पर मरीज का थर्मल स्क्रीनिंग करती स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : PRATAPGARH
जिले में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। 24 घंटे के भीतर सोमवार को मिली रिपोर्ट में बिहार कैडर के आईपीएस व उनके पिता की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा दरोगा, सिपाही व लैब टेक्नीशियन की रिपोर्ट भी पॉजीटिव मिली। कुल 41 लोगों के संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली है। अब तक जिले में कोरोना से 22 लोगों की मौत हो चुकी है और 1169 लोग संक्रमित हुए हैं।
जिले में कोरोना की चपेट में बिहार कैडर के आईपीएस दीपक बर्नवाल संक्रमित हो गए। वह सप्ताह भर पहले पट्टी कस्बा स्थित अपने घर आए थे। तबियत बिगड़ने पर सोमवार को जांच कराई गई। उनके पिता की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। इसके साथ ही सब रजिस्ट्रार कार्यालय का कर्मचारी और सीएचसी के लैब टेक्नीशियन भी संक्रमित निकले। कस्बे में पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने से लोग खौफजदा नजर आए। लैब टेक्नीशियन की रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य कर्मियों के भी चेहरे पर चिंता की लकीरें नजर आने लगी। चिकित्सालय को सैनिटाइज कराए जाने के साथ सीएचसी के ऐसे सभी स्टाफ जो लैब टेक्नीशियन के संपर्क में थे। सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया।
शहर के प्रताप बहादुर पार्क स्थित मेडिकल स्टोर संचालक के परिवार का सदस्य भी कोरोना पॉजीटिव निकला है। कोहड़ौर में तैनात एक सिपाही की रिपोर्ट भी पॉजीटिव निकली। रानीगंज थाने में तैनात दरोगा भी कोरोना से संक्रमित निकले। लक्ष्मणपुर के काछा में प्रयागराज से आए एक युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव मिली। जिले में सोमवार को कुल 41 लोग कोरोना से संक्रमित मिले। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना से संक्रमित लोगों को होम आइसोलेट के साथ ही कोविड वन अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। लोगों को खुद का बचाव करना चाहिए।