बच्चों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे विद्यालय प्रबंधन पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया। पंजीकृत 1500 के सापेक्ष 400 स्कूल वाहन जांच में अनफिट मिले हैं। शुक्रवार को दस वाहनों का चालान भी कर दिया गया।
परिवहन विभाग ने एक अप्रैल से विशेष चेकिंग अभियान की शुरूआत की है। 15 अप्रैल को अभियान का समापन होगा। चेकिंग अभियान के लिए परिवहन विभाग ने चार टीमें नामित की हैं। नामित टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर कार्रवाई कर रही हैं। विद्यालय प्रबंधन को वाहनों के प्रपत्र विभाग के पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया है।
शुक्रवार को एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने पट्टी क्षेत्र का भ्रमण कर कार्रवाई की। सेंट्रल पब्लिक स्कूल की दस में छह बसों का वर्ष 2020 से परमिट और फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं बना है। चेकिंग के दौरान महुली में चार बसों का चालान किया गया। बस में बच्चों के बैठे होने से सीज की कार्रवाई नहीं की गई।
करीब दो लाख रुपये का जुर्माना भी एआरटीओ ने लगाया। विद्यालय संचालक को निर्देश दिया गया कि अनफिट वाहन संचालित न किए जाएं। इसके अलावा चेकिंग कर दूसरे वाहनों का भी चालान किया गया। एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने बताया कि स्कूल वाहनों की जांच की जा रही है। कमियां मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।