समाधान दिवस और संपत्ति रजिस्टर पूर्ण नहीं होने पर 34 लेखपालों पर गाज गिरी है। कंधई में एक लेखपाल के गायब रहने पर 35 लेखपालों के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई है। अंतू में तहसीलदार सदर अनिल कुमार यादव के गायब रहने पर डीएम ने जवाब तलब किया है।
शनिवार को समाधान दिवस की हकीकत जानने के लिए डीएम शंभु कुमार और एसपी शगुन गौतम ने अंतू और कंधई थानों का औचक निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कंधई थाने में उपस्थित 34 लेखपालों के समाधान एवं संपत्ति रजिस्टर का डीएम ने अवलोकन किया। समाधान दिवस रजिस्टर और संपत्ति रजिस्टर अपूर्ण मिला, जबकि एक लेखपाल गायब था। इस पर डीएम ने 35 लेखपालों के जनवरी माह के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी। नायब तहसीलदार पट्टी राजकपूर के राजस्व वादों में लापरवाही बरतने पर कड़ी फटकार लगाई।
साथ ही एक हफ्ते में रजिस्टर पूर्ण करने को कहा। एसपी शगुन गौतम ने कंधई थाने में टूटी बाउंड्रीवाल और कार्यालय के फर्श पर गंदगी देखकर कोतवाली इंचार्ज कृष्णवीर सिंह को कड़ी फटकार लगाई। डीएम से अंतू थाने में पूरेरामदेव निवासी श्रीनाथ यादव और मथुरा प्रसाद यादव, मेवालाल हरिजन निवासी आशापुरभाटन ने हरिशंकर शर्मा के खिलाफ आबादी की जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की।