रुपये लेकर चलिए तो साथ में साक्ष्य भी रखिए
50 हजार से अधिक रुपये रखने पर प्रशासन ने लगाई रोक
औचक छापेमारी के लिए गठित हुए 21 उड़नदस्ते
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होते ही पचास हजार रुपये से अधिक की नगदी लेकर चलने पर रोक लगा दी गई है। अगर इससे अधिक धनराशि लेकर चल रहे हैं तो रुपये के साथ साक्ष्य भी लेकर चलिए। उड़नदस्ते की चपेट में आने पर रुपये जब्त हो जाएंगे। जिला प्रशासन ने लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को लालच देने और रुपये बांटने के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए व्यापक रणनीति बनाई है।
जिले में आदर्श आचार संहिता दस मार्च से प्रभावी होते ही लोकसभा चुनाव पर जिला प्रशासन ने नजरें टिका दी हैं। अगर 50 हजार या इससे अधिक धनराशि लेकर आप चलते हैं तो आपके पास रुपये निकालने और मिलने का साक्ष्य भी होने चाहिए। जैसे आपने किसी बैंक से रुपये निकाले हैं अथवा किसी व्यवसायी से प्राप्त किए हैं तो उसकी रसीद साथ में अवश्य रखिए। ऐसा नहीं होने पर औचक निरीक्षण में रुपये मिलने पर जिला प्रशासन उसे जब्त कर लेगा। वरिष्ठ कोषाधिकारी दीपक ने बताया कि अवैध रुपये लेकर चलने वालों पर नजर रखने के लिए सातों विधानसभा में 21 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक विधानसभा में तीन-तीन टीमें दिन-रात भ्रमण करके अवैध रुपयों की जांच करेंगी।
चित्र------
मतदान करना हर व्यक्ति का अधिकार
लक्ष्मणपुर के रेडी स्कूल में मतदाता जागरूकता दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लक्ष्मणपुर विकास खंड के प्राइमरी स्कूल रेडी में गुरुवार को मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन कर लोगों से लोकसभा चुनाव में मतदान करने का आह्वान किया गया। मुख्य अतिथि रहे बीएसए अशोक कुमार सिंह ने महिलाओं और पुरुषों से मतदाता बनने और 12 मई को होने वाले मतदान में हिस्सा लेेने का आह्वान किया। बड़ी संख्या में मौजूद शिक्षकों से गुणात्मक शिक्षा देने की अपील की गई। उन्होंने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो आसपास के गांवों से होते हुए वापस स्कूल पहुंचकर समाप्त हुई। जिला स्काउट गाइड मास्टर सुशील कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत और निर्भय सिंह ने आभार ज्ञापित किया। इस मौके पर रामकुमार सिंह, गौतम प्रसाद, अर्जुन कुमार प्रमुख रुप से मौजूद रहे।