गुरु गोविंद सिंह का बैनर भी उठा ले गए कर्मचारी
थाने में तहरीर देने के साथ ही निर्वाचन आयोग से की गई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। आदर्श आचार संहिता में बैनर-पोस्टर हटा रहे कर्मचारी निजी भवन में लगी धार्मिक होर्डिंग भी उखाड़ ले गए। निर्वाचन आयोग से इसकी आनलाइन शिकायत करने के साथ ही थाने में तहरीर दी गई है।
कस्बे के शिवपुरम मोहल्ला निवासी हर्षदीप सिंह साके पुत्र हकीकत सिंह ने प्रकाश पर्व पर गुरु गोविंद सिंह की होर्डिंग बनवाकर पुरबियन का पुरवा स्थित अपने प्लाट पर लगाई थी। इसमें गुरुगोविंद सिंह के साथ ही उनकी फोटो थी। आचार संहिता लगने के बाद नगर पंचायत के साथ ही पुलिस और तहसील प्रशासन ने पूरे कस्बे से होर्डिंग उतरवानी शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान गैर राजनीतिक और निजी संपत्ति में लगी गुरु गोविंद सिंह की होर्डिंग को भी उतार लिया गया। हर्षदीप सिंह का कहना है कि नगर पंचायत कर्मियों की इस कार्रवाई ने उनकी धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया है। शिकायत की जानकारी होने पर एसडीएम ने इस बारे में सिपाहियों सहित नगर पंचायत के लोगों से भी मंगलवार को पूछताछ की। उधर, कोतवाल का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
बाघराय में ट्रक ने मारी बाइक सवारों को टक्कर
बाघराय। ट्रक की टक्कर से दो महिलाओं समेत एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगेां ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया। थाना क्षेत्र के सोन का पुरवा पंचमहुआ गांव निवासी बजरंग (60) पुत्र पुन्नीलाल, सीता देवी (60) पत्नी गुलाब व पुष्पा देवी (40) पत्नी सुनील जेठवारा की ओर से बाइक से घर लौट रहे थे। गलगली मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे तीनों लोग दूर जा गिरे। ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी बाघराय में भर्ती कराया गया। इनमें बजरंग की हालत गंभीर बताई जा रही है। आए दिन हो रहीं दुर्घटनाओं के कारण व्यापार मंडल अधयक्ष डा.बांकेलाल चौरसिया व महामंत्री अनिल पांडेय ने बाजार में गति अवरोधक बनवाए जाने की मांग की है।