जिले की दो नगर पंचायतों में रहने वाले लोगों को हर शहरी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। पट्टी और रानीगंज नगर पंचायत को आदर्श टाउन एरिया में शामिल कर लिया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायतों में अवस्थापना सुविधाएं विकसित करने का खाका तैयार किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह और रानीगंज विधायक धीरज ओझा के प्रयास से शासन ने पट्टी और रानीगंज नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत में शामिल कर लिया गया है। इस बाबत नगर निकाय के प्रमुख सचिव मनोज कुमार ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि योजना के तहत चयनित नगर पंचायतों में न्यूनतम आवश्यकता और अधिकतम जनपयोगीअवस्थापना सुविधाओं के तहत विकास कार्यों की डीपीआर किसी अनुभवी आर्कीटेक्ट से तैयार कराई जाए।
टाउन प्लानर के तहत मसौदा तैयार कर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित टीम उस पर अपनी अंतिम मुहर लगाएगी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के लिए वित्त पोषण शत प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी। नगर पंचायतों के दीर्घकालीन मास्टर प्लानर द्वारा परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान अनुश्रवण भी किया जाएगा। नगर पंचायतों को शहर की तरह विकसित करने का खाका तैयार कर भेजा जाए। ताकि जल्द से जल्द योजनाएं संचालित हो सकें।