सैफाबाद बाजार के निकट शनिवार की शाम बदमाशों ने तमंचा दिखाकर छोटू शुक्ला से 25 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के बाजार में रहने वाले छोटू शुक्ला मकान निर्माण का काम करते हैं। शनिवार की देर शाम वह सैफाबाद बाजार के करीब एक निर्माणाधीन मकान के पास अपने मजदूरों को भुगतान देने पहुंचे थे। आरोप है कि छोटू जैसे ही हाथ में रुपये की नोट लेकर मजदूरों को देने की तैयारी कर रहे थे, इसके पहले एक बाइक से पहुंचे दो शातिर तमंचा सटाकर मारपीट कर 25 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भागने लगे।
पीड़ित शोर मचाकर आरोपियों के पीछे भागा। कुछ दूर पर आरोपी पीड़ित का मोबाइल फेंक भाग निकले। पीड़ित ने मामले की शिकायत सैफाबाद बाजार की पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार से की। आसपुर देवसरा एसओ संजय पांडेय ने मामले की जानकारी पर जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी ली।