मेडिकल कालेज का रास्ता साफ, मिले 213 करोड़
रंग लाया सांसद का प्रयास, जिला चिकित्सालय को उच्चीकृत कर होगा निर्माण
पूरे केशवराय में होगी पढ़ाई, 13 एकड़ भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम हुई अंकित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ में मेडिकल कालेज के निर्माण पर योगी सरकार ने मुहर लगा दी है। आखिरकार सांसद हरिवंश सिंह का प्रयास रंग लाया और सरकार ने मेडिकल कालेज के लिए 213 करोड़ रुपये का बजट पास किया है। जिला अस्पताल को उच्चीकृत कर मेडिकल कालेज बनाया जाएगा। जिला अस्पताल में मरीजों का इलाज होगा, जबकि पढ़ाई और आवास के लिए शहर से सटे पूरे केशवराय में 13 एकड़ जमीन अधिग्रहीत की गई है।
प्रतापगढ़ में मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए सांसद हरिवंश सिंह ने सदर विधायक संगमलाल गुप्ता और धीरज ओझा के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उसी समय सीएम ने जिले को मेडिकल कालेज देने की घोषणा कर दी थी। बाद में इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया। शासन ने टीम भेजकर जायजा लिया। जिला अस्पताल की जमीन मेडिकल कालेज के लिए कम होने के बाद एक बार इस पर ग्रहण लगता नजर आया। बाद में प्रशासन ने मेडिकल कालेज के लिए शहर से सटे पूरे केशव राय में 13 एकड़ जमीन चिह्नित की। इसके बाद पत्थर लगाकर जमीन को चिह्नित किया गया। डीएम ने फिर इसका प्रस्ताव शासन को भेजा। शासन स्तर से आई टीम ने दोबारा जांच की। सबकुछ सही मिलने के बाद नजरी नक्शा तैयार कराया गया। इसके बाद निर्माण निगम रायबरेली को इसके निर्माण की जिम्मेदारी दी गई। बजट के अभाव में काम रुका हुआ था। मंगलवार को शासन ने मेडिकल कालेज के निर्माण के लिए 213 करोड़ रुपये का भारीभरकम बजट पास कर दिया। इसके बाद अब मेडिकल कालेज के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
इनसेट-------
पूरे केशवराय में होगी पढ़ाई, जिला अस्पताल में इलाज
मेडिकल कॉलेज निर्माण के बाद एमबीबीएस के छात्रों की क्लास पूरेकेशव राय में चलेगी। मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में बने भवन में होगा। इससे जिले के साथ ही आसपास के जनपदों के लोगों को भी बड़ी सहूलियत मिलेगी।
इनसेट---------
इनसेट-------
टूटेंगी दुकानें जिला अस्पताल के आसपास की दुकानें
स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानी जाए तो जिला अस्पताल परिसर के आसपास की दुकानें निर्माण के दौरान तोड़ी जा सकती हैं। अस्पताल के आसपास काफी लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। नियमानुसार ध्वस्त करते हुए सडक़ का चौड़ीकरण एवं चिकित्सालय की बाउंड्री निर्माण के साथ प्रवेश द्वारों का मेडिकल कॉलेज के लिहाज से चौड़ीकरण किया जाएगा।
वर्जन
मेडिकल कालेज के लिए विधायक धीरज ओझा और संगमलाल के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर मांग की थी। सीएम ने उसी समय इसकी मंजूरी दे दी थी। अब बजट मिल जाने के बाद जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है।
हरिवंश सिंह, सांसद।
वर्जन--------
मेडिकल कॉलेज का निर्माण शुरू करने के लिए अभी आदेश नहीं आया है। रायबरेली की कार्यदायी संस्था को काम करना है। वैसे सबकुछ ठीकठाक रहा तो दीपावली तक काम शुरू कर दिया जाएगा।
एके श्रीवास्तव, सीएमओ।