गजब: 34 स्कूलों में शौचालय ही नहीं और जिला ओडीएफ
विभागीय अफसरों की जांच में हुआ खुलासा, सामने आई हकीकत
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिला प्रशासन भले ही बेल्हा को ओडीएफ घोषित करके वाहवाही लूट रहा है, मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही है। जिले में अभी भी हजारों परिवार ऐेसे हैं जिनके घर में शौचालय नहीं बना है। विभागीय अधिकारियों की जांच में खुलासा हुआ कि अभी भी 34 ऐसेे प्राइमरी स्कूल हैं जहां अभी तक शौचालय नहीं बने हैं। डीपीआरओ ने मातहतों को अविलंब निर्माण कराने को कहा है।
मतदान के दिन बूथ पर शौचालय, पानी और लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने की सूचना बेसिक शिक्षा विभाग से मांगी गई थी। खंड शिक्षा अधिकारियों ने जो सूचना अभी तक विभाग को मुहैया कराई है, उसके मुताबिक 34 स्कूलों में शौचालय ही नहीं बने हैं। हालांकि पूर्व में यह संख्या 160 उभर कर आई थी। मगर विभागीय अधिकारियों ने 126 बूथों पर शौचालय बने होने और आंशिक सुधार की बात कही थी। 2616 बूथों में 101 बूथ ऐसे हैं, जहां मतदान के दिन पीने का पानी नहीं मिलेगा। इन स्कूलों में हैंडपंप तो लगे हुए हैं, मगर पानी नहीं उगल रहे हैं। डीपीआरओ उमाकांत पांडेय ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को पत्र लिखकर अविलंब हैंडपंप ठीक कराने और शौचालयों का निर्माण कराने को कहा है।
गिरा ओवरब्रिज का प्लास्टर
विश्वनाथगंज (ब्यूरो)। वाराणसी-लखनऊ नेशनल हाईवे पर भुपियामऊ में बना ओवरब्रिज का प्लास्टर शनिवार को भर-भराकर गिर पड़ा। हालांकि उस समय किसी के वहां मौजूद नहीं होने से बड़ा हादसा बच गया। इसकी जानकारी एनएच के अफसरों को होते ही दोपहर में कर्मचारी पहुंचे और मरम्मत कार्य में जुट गए। शनिवार को रायबरेली-जौनपुर नेशनल हाईवे पर भुपियामऊ में बना ओवरब्रिज का प्लास्टर अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। दो वर्ष पूर्व बने ओवरब्रिज का प्लास्टर गिरने पर लोगों में अनियमितता को लेकर तरह-तरह की चर्चा थी। हालांकि दोपहर में अवर अभियंता समेत कर्मचारियों का दल पहुंचा और मरम्मत कार्य में लग गया। देरशाम तक मरम्मत कार्य चलता रहा। अवर अभियंता ने बताया कि प्लास्टर गिरने से गुणवत्ता पर सवाल उठाना उचित नहीं है। कभी-कभी प्लास्टर पानी के अभाव में सूख जाता है तो समय से पहले गिर पड़ता है।
जन-जन का यह नारा है, मत देना धर्म हमारा है
प्रतापगढ़। जन-जन का यह नारा है, मत देना धर्म हमारा है ..। इन नारों को प्राइमरी स्कूलों के बच्चे गांव-गांव दोहरा रहे हैं। शनिवार को पट्टी के गोपापुर, रसूलपुर और रामपुर संग्रामगढ़ के कलापुर में बच्चों ने रैली निकाली। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और मतदान में हिस्सा लेने की अपील की।12 मई को होने वाले चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान चलाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग को जिम्मेदारी सौंपी है। पट्टी के गोपापुर, रसूलपुर और रामपुर संग्रामगढ़ के कलापुर में बच्चों ने रैली निकाली और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और मतदान में हिस्सा लेने का आह्वान किया।