अग्नि को साक्षी मान एक दूजे के हुए 30 जोड़े
आशीर्वाद देने पहुंचे पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी व रत्ना सिंह
लालगंज ब्लाक में रामपुर-संग्रामगढ़, सांगीपुर विकास खंड में आयोजित हुआ समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
लालगंज। स्थानीय विकास खंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को आयोजित समारोह अग्नि को साक्षी मानकर 30 जोड़े एक दूजे के हुए। विकास खंड परिवार वर एवं वधू पक्ष की आरती उतार कर अगवानी की। रामपुर-संग्रामगढ़, सांगीपुर, लालगंज व लक्ष्मणपुर विकास खंड के निर्धन परिवारों के चेहरे पर प्रसन्नता साफ देखने को मिली। सामूहिक विवाह समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी तथा जिले की पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने पहुंचे। प्रमोद व रत्ना ने कन्या पक्ष को अपनी ओर से शगुन के रूप में भेंट व उपहार भी दिया।
प्रमोद तिवारी ने सामूहिक विवाह योजना को गरीब तबके के परिवार के लिए सार्थक पहल बताई। विवाह के बाद शासन द्वारा वर को वधू पक्ष को गृहस्थी से जुड़े उपहार प्रदान किए गए। सामूहिक विवाह को देखने के लिए ब्लाक परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण व जनप्रतिनिधि भी जमे रहे। कार्यक्रम के संयोजक खंड विकास अधिकारी राजेंद्र त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों को शादी का प्रमाण पत्र सौंपा। ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन ने बारातियों को स्वागत व प्रधान संघ अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी ने आभार जताया। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी एसएन द्विवेदी, पीडी दयाराम यादव, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, संयुक्त अधिवक्ता संघ अध्यक्ष विकास मिश्रा, मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ला, कुंवर ज्ञानेंद्र सिंह, अजय शुक्ल, आलोक सिंह, राजू पांडेय, छोटेलाल सरोज, पप्पू तिवारी, बाबूलाल पांडेय, महेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
फोटो-
ब्लाक में सामूहिक विवाह योजना के तहत 38 जोड़ों ने लिए फेरे
उपहार के साथ ही दिया गया शादी का प्रमाणपत्र
बाघराय। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बिहार ब्लाक परिसर में 38 जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें बिहार के 32 व कालाकांकर के 6 जोड़ें शामिल रहे।
ब्लाक परिसर को तीन दिन पहले ही सजाया गया था। वर व कन्या पक्ष के लोगों के बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। द्वारपूजा के समय वीडियो बिहार बाबूराम ने बारात की अगवानी की। द्वारपूजा के बाद 38 जोड़ों की शादी 38 आचार्यों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अग्नि को साक्षी मानकर कराई गई। विवाह के समापन के मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष हरिओम मिश्र ने 38 जोड़ों को प्रमाणपत्र व अनेक उपहार देकर आशीर्वाद प्रदान किया। विवाह के समय लोगों में एक अलग ही उत्साह देखने को मिला। कन्या पक्ष से आई हुई महिलाएं शादी को खिड़कियों से झांक कर देख रही थी। परिणय सूत्र में बंधे कोमल का विकास के साथ, रीना का सुरेंद्र कुमार के साथ, सन्नू का सुधीर कुमार, मंजू का चंदन के साथ, प्रिया का रामू के साथ, शिमला का दीपचंद सहित 38 जोड़ों के फेरे कराए गए। परिणय सूत्र में बंधने वाले नव दंपतियों ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। भोजन व्यवस्था प्रधानों के जिम्मे रही।
चित्र--
117 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ
संडवा चंद्रिका, गौरा, शिवगढ़, मंगरौरा और सदर में हुआ कार्यक्रम
संडवाचंद्रिका/मंगरौरा/गौरा/शिवगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को विभिन्न ब्लाकों में आयोजित कार्यक्रमों में 117 जोड़े सात जन्मों के बंधन में बंधे। सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिभाग करके वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
संडवा चंद्रिका विकास खंड में सदर विधायक संगमलाल गुप्ता, सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर बीडीओ एसएन पटेल, प्रमुख प्रतिनिधि देशराज सिंह, एडीओ पंचायत दयाराम सरोज, रामलखन रावत, बबलू सिंह, राम बहादुर पाल, विवेक उपाध्याय, जगदीश सिंह आदि मौजूद रहे। मंगरौरा विकास खंड में सात और सदर विकास खंड में एक जोड़ा विवाह बंधन में बंधा है।
गौरा ब्लाक में 17 और शिवगढ़ के चार नव दंपतियों को 21 जोड़ों को विधायक रानीगंज धीरज ओझा ने सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया। बीडीओ सर्वेंद्र सिंह के देखरेख में आयोजन हुआ। विधायक रानीगंज धीरज ओझा ने सामूहिक विवाह के दौरान नवविवाहित जोड़ों को शौचालय, प्रधानमंत्री आवास एवं उज्ज्वला प्लस योजना के तहत नि:शुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गौरा राकेश सरोज, ललित तिवारी, देवेश सिंह, तहसील बार अध्यक्ष महेश मिश्र, सुधीर श्रीवास्तव, अनिल मिश्र, दीपू शुक्ल, सुजीत सिंह, राकेश पांडेय, अमरेश मिश्र, शिव कुमार दुबे, प्रदीप सिंह आदि उपस्थित रहे।