राज्यपाल की ससुराल समेत दो घरों में लाखों की चोरी
घटना से ग्रामीणों में हड़कंप, जांच को पहुंची पुलिस के हाथ खाली
अमर उजाला ब्यूरो
सगरासुंदरपुर। अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल की ससुराल समेत दो घरों से चोरों ने लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने छत के रास्ते घर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर जांच के लिए पहुंची, लेकिन चोरों को कोई सुराग नहीं लग सका।
सांगीपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी नवीन दुबे पुत्र शिव प्रसाद दुबे के यहां अरुणांचल प्रदेश के राज्यपाल ब्रिगेडियर बीडी मिश्र की ससुराल है। रविवार की रात परिजन अपने कमरे में सोने चले गए। आधी रात के बाद चोर छत के रास्ते नवीन के घर में दाखिल हो गए। बंद कमरे का ताला तोड़कर आलमारी में रखे 55 हजार रुपये नकद व लाखों के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बाक्स व सूटकेस का लॉक तोड़कर कीमती सामान भी समेट लिए। इसके बाद चोर पड़ोस के रमेशचंद्र दुबे के घर में भी छत के रास्ते घुस गए। कमरे का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नकदी समेत लाखों के जेवरात उड़ा दिए। सुबह परिजनों की नींद खुली तो चोरी की जानकारी होते ही उनके होश उड़ गए। रात में दो घरों में चोरी की वारदात से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। राज्यपाल की ससुराल में चोरी की वारदात की जानकारी मिलने पर सांगीपुर पुलिस भागकर मौके पर पहुंची, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। एसओ ने बताया कि चोरी की जानकारी मिली है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जल्द खुलासा किया जाएगा।
नौ आरोपियों पर बलवा व मारपीट का केस दर्ज
लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के गोंसाई का पुरवा में दो फरवरी को हुई मारपीट में नौ के खिलाफ बलवा व मारपीट के आरोप में केस दर्ज किया गया है। अभिनंदन तिवारी का आरोप है कि रंजिश चलते गांव के ही पप्पू तिवारी, शिवदुलारे, सोनू, रामदुलारे, लकी, अंबिका, उदयराज, अंकित व सपना ने एक राय होकर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उसके माता पिता को गालियां दी और मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। तहरीर के आधार पर सभी नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी के आदेश पर छह के खिलाफ केस
लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के उदियापुर उल्लास राय का पुरवा निवासी जवाहर अली ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि पहली फरवरी को पड़ोसियों ने घर में घुसकर उसे मारापीटा। मामले में एसपी ने आरोपियों के खिलाफ लालगंज पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दिया। रविवार की रात पुलिस ने इद्रीश, सईद, अध्धा, शिवरतन, फिरोज व अकबाल के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट व जानलेवा धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है।
रोडवेज बस में युवक हुआ जहरखुरानी का शिकार
लालगंज (ब्यूरो)। रोडवेज बस में एक युवक जहरखुरानी का शिकार हो गया। सांगीपुर के सिंघनी निवासी विनीत शर्मा (28) नई दिल्ली में रहता है। रविवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ आने वाली रोडवेज बस से घर आने के लिए निकला। रास्ते में वह जहरखुरानी का शिकार हो गया। जहरखुरान उसका मोबाइल, आठ हजार नकदी व बैग आदि लेकर रफूचक्कर हो गए। सोमवार को सुबह उसे बस में बेसुध देख चालक व परिचालक ने लालगंज इंदिरा चौक पर उतारते हुए पुलिस व परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर लालगंज सीएचसी पहुंचे। घंटों उपचार के बाद विनीत को होश आया तो उसने आपबीती बताई। इस मामले में पीड़ित ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
पीड़िता के पति को ही पुलिस ने लाकअप में डाला, शिकायत
नशे में धुत पड़ोसी की शिकायत करने पहुंची थी महिला
लालगंज (ब्यूरो)। कोतवाली के शिवबोझ निवासी सुनीता शुक्ला पत्नी ज्ञानेंद्र शुक्ला का आरोप है कि रविवार की रात नशे में धुत उसका एक पड़ोसी बदनीयती से गाली गलौज करने गला। महिला ने विरोध किया तो नशे में धुत युवक ने उसके घर पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। सूचना पर लालगंज पुलिस कार्रवाई करने नहीं पहुंची, ऊपर से महिला को ही अंदर से घर बंद करने की नसीहत देते हुए सुबह कोतवाली बुलाया। महिला जब अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर देने लगी। तभी पुलिस के पास कहीं से फोन आया और उसके बाद आरोपी पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित महिला के पति को ही फटकार लगाते हुए लाकअप में डाल दिया गया। महिला पुलिस से मिन्नत करती रही लेकिन संवेदनहीन पुलिस को तनिक भी तरस नहीं आया। यह देख महिला के परिजन भी कोतवाली आ धमके । उन्होने पुलिस से आरोपी पर कार्रवाई करने और बेकसूर ज्ञानेंद्र को लाकअप से रिहा किए जाने की मांग करने लगे। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को भी कर्रा करते हुए कोतवाली से बाहर का रास्ता दिखा दिया। लालगंज पुलिस की करतूत से नाराज परिजनों ने मुख्यमंत्री व डीजीपी समेत उच्चाधिकारियों से शिकायत शकी है। इस बारे में कोतवाल का कहना है कि विवाद की आशंका पर उसे शांति भंग में पाबंद किया गया है।
फोटो--
सदैव आदर्श रहेगा प्रभु श्रीराम का जीवन दर्शन
बेलहा के जगदीश्वरनाथ धाम में रामकथा सुनने उमड़े श्रद्धालु
लालगंज (ब्यूरो)। क्षेत्र के बेलहा स्थित जगदीश्वरनाथधाम में आयोजित श्रीरामकथा में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। कथाव्यास श्रीवृंदावन धाम के आचार्य मोहित पांडेयजी महराज ने कहा कि श्रीराम नाम का शब्द ही मनुष्य को सारे वैभव की अनुभूति कराता है। उन्होंने कहा कि कलिकाल में श्रीराम की कथा के श्रवण का सौभाग्य प्राप्त करने वाला प्राणी कभी भी नश्वर संसार में भटकाव के भंवर जाल में नहीं उलझता है। आचार्य मोहित ने कहा कि श्रीराम का मांगलिक जीवन दर्शन एक आदर्श राज्य व उसकी आदर्श प्रजा के मर्यादापूर्ण संबंधों का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि श्रीराम का स्मरण एवं उनके संकीर्तन की जप साधना ही सबसे बड़ा मोक्ष दर्शन है। इससे पहले कथा के आयोजक लालदेव सिंह ने आचार्य मोहितजी का रोली-चंदन से श्रीअभिषेक किया। आयोजन समिति की ओर से पूर्व प्रधान रविदेव सिंह व पूर्व प्रमुख गोविंद सिंह श्रीराम कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया। इस मौके पर प्रवीन प्रताप सिंह, अमित सिंह, ऊधम सिंह, अतुल सिंह, ज्ञान प्रकाश शुक्ल, प्रदीप सिंह, शीतला प्रसाद दुबे, सिंधी सिंह, संजय शुक्ल, राजकुमार तिवारी, राम अवधेश मिश्र, राव वीरेंद्र सिंह, कमलेश सिंह, अमर बहादुर सिंह, रमेश सिंह आदि मौजूद रहे।