31 दिसंबर के बाद खिलौना बन जाएंगे हजारों एटीएम कार्ड
बगैर चिप वाले एटीएम कार्ड होंगे बंद, केवाईसी अपडेट होने पर स्वत: आएगा नया कार्ड
दूरदराज शहरों में रहने वाले ग्राहकों के लिए बढ़ी आफत
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। एटीएम कार्ड से रुपये निकालने वाले ग्राहक सावधान हो जाएं। जिन एटीएम कार्ड में चिप नहीं लगी है वह 31 दिसंबर के बाद बंद हो जाएंगे। हां, इतना जरूर है कि अगर आपकी केवाईसी अपडेट है तो बैंक आपके पते पर चिप लगा एटीएम कार्ड भेज देगा। अगर केवाईसी अपडेट नहीं है तो आपको बगैर बैंक की शाखा में उपस्थिति दर्ज कराए एटीएम कार्ड नहीं मिलेगा। इस प्रक्रिया में कम से कम एक माह का समय लग सकता है।
नए साल में जिले के लाखों एटीएम कार्ड धारकों को बड़ा झटका लगने जा रहा है। बैंकों ने ग्राहकों को धोखाधड़ी से बचाने के लिए चिप लगा हुआ नया एटीएम कार्ड जारी किया है। इसके लिए शहर में लगीं एटीएम मशीन अपेडट की जा रही हैं। नए वर्ष से उन्हीं एटीएम कार्डों से रुपये मिलेंगें, जिनमें इलेक्ट्रानिक चिप लगी होगी। पुराने एटीएम कार्ड को न तो मशीन स्वीकार करेगी और न ही ग्राहकों को भुगतान मिलेगा। इससे हजारों एटीएम कार्ड खिलौना बन जाएंगे। हालांकि बैंक शाखाओं ने ग्राहकों के अनुरोध पर पुराने एटीएम कार्ड के स्थान पर नया एटीएम कार्ड जारी करना शुरू कर दिया है। नए ग्राहकों को चिप लगा हुआ एटीएम कार्ड दिया जा रहा है। शहर से दूरदराज इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या यह खड़ी हो रही है कि वह न तो एटीएम कार्ड बदल पाएंगे और न ही रुपये निकाल पाएंगे। हालांकि बैंक अधिकारियों का कहना है कि जिन ग्राहकों की केवाईसी अपडेट है, उसका एटीएम कार्ड ब्लाक करने के बाद उसके पते पर नया एटीएम कार्ड भेज दिया जाएगा। मगर जिनकी केवाईसी पूरे नहीं है, उनका एटीएम कार्ड बंद कर दिया जाएगा।
इनसेट---------
गांव के ग्राहकों की बढ़ेगी मुसीबत
ग्रामीण इलाकों के उन ग्राहकों की मुसीबत बढ़ेगी, जो अपने बच्चों के नाम एटीएम कार्ड लेकर स्वयं चला रहे हैं। मुंबई, गुजरात, अहमदाबाद में रहने वाले खाताधारक साल में एक बार ही आते हैं, इसलिए अब उनके खाते से तब तक रुपये नहीं निकलेंगे, जब तक वह बैंक की शाखा में नहीं जाएंगे।
वर्जन--------
31 दिसंबर तक सभी एटीएम कार्ड काम करते रहेंगे। एक जनवरी से बगैर चिप वाले एटीएम कार्ड बंद कर दिए जाएंगे। जिनकी केवाईसी अपडेट है, उन्हें चिप लगा नया एटीएम कार्ड भेजा जाएगा। केवाईसी अपडेट नहीं होने पर ग्राहक को बैंक में आकर आवेदन करना होगा।
जीपी निगम, मुख्य प्रबंधक, एसबीआई।