धान किसानों का जल्द कराएं भगुतान
शासन की प्राथमिकता वाले 70 बिंदुओं पर डीएम ने की समीक्षा
प्रतापगढ़। विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने शासन के नवीन विकास प्राथमिकता वाले 70 बिंदुओं पर समीक्षा की। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी से एएनम सेंटर, नर्सिंगहोम, एंबुलेंस, प्राइवेट अस्पताल, टीकाकरण, निर्माण कार्य आदि के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में प्रसव के दौरान महिलाओं के खातों में समय से धनराशि भेज दी जाए। विद्युत आपूर्ति के संबंध में अधिशासी अभियंता विद्युत से जानकारी ली। डीएम ने दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना पर चर्चा की। अधिशाषी अभियंता ने बताया कि मेसर्स बजाज के द्वारा कार्य कराया जा रहा था जो ठीक नहीं हो पाया गया। वर्तमान में मेसर्स आरकेईसी के जो कार्य छूटे हुए हैं, उन्हें पूरा कराया जा रहा है। धान क्रय खरीद की समीक्षा में 26 किसानों का भुगतान लंबित पाया गया। जिलाधिकारी ने डिप्टी आरएमओ को निर्देशित करते हुए कहा कि भुगतान शत प्रतिशत किया जाए। बैठक में इसके अलावा जिलाधिकारी ने जल निगम, लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, कृषि विभाग, वन विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, प्रोवेशन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, मनरेगा सहित अन्य विभागों की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वीआर अहिरवार, पीडी दयाराम यादव, जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा् अरविंद कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।