लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जल्द हो हत्यारों की गिरफ़्तारी: प्रभारी मंत्री
बदमाशों के हाथों मारे गए राजेश के परिजनों से मिलीं प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह
प्रतापगढ़। मंगलवार को जिले की प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह ने बदमाशों के हाथों मारे गए मार्बल व्यापारी राजेश सिंह के परिजनों से मुलाकात की। संवेदना प्रकट करते हुए सुरक्षा मुहैया कराने के साथ ही शस्त्र लाइसेंस दिलाए जाने का आश्वासन दिया। जिले में बढ़ते अपराध पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिसिंग पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने राजेश हत्याकांड में अब तक खुलासा न होने व हत्यारों को गिरफ्तार न कर पाने पर एसपी से पूछताछ करते हुए गहरी नाराजगी व्यक्त की। कोतवाल से शातिर अपराधियों की सूची के बाबत पूछताछ की। कहा कि कोई शातिर अपराधी बाहर नहीं घूमना चाहिए। शातिर अपराधी की सूची तैयार कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कोई भी शातिर अपराधी बाहर नहीं रहना चाहिए। गिरफ्तार कर इसकी सूचना दी जाए। उन्होंने एसपी एस आनंद से गाजी चौराहे के समीप हुए डबल मर्डर की घटना के बाबत पूछताछ की। इस दौरान एसपी ने बताया कि घटना की जांच चल रही है। संपत्ति विवाद के साथ ही रंजिश सहित कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
इनसेट-----------------
दो-चार क्यों घूम रहे हैं....
प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह ने कोतवाल से शातिर अपराधियों पर सवाल किया तो जवाब मिला कि दो चार ही घूम रहे हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि दो चार क्यों बाहर हैं। उन्हें भी पकड़ो। उन्होंने हिस्ट्रीशीटरों की सूची भी मांगी।