भाव बढ़ाने के लिए डंप कर रखा है अवैध बालू
अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन का नहीं चला अभियान
अफसरों की नाक के नीचे हो रहा अवैध खनन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिला प्रशासन खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने का डंका कागज में तो बजा रहा है, मगर हकीकत रूप में कोई भी अधिकारी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। अमर उजाला ने शुक्रवार को खनन माफियाओं के खेल का उजागर किया, मगर किसी भी अधिकारी ने मौके पर जाकर कार्रवाई करने की कोई पहल नहीं की।
जिले में राजस्व को चूना लगाने वाले खनन माफिया पूरे जिले में हावी हैं। शहर के महज दो किमी की दूरी पर सई नदी के किनारे खनन माफिया बालू का अवैध खनन करके डंप कर रहे हैं। कादीपुर, किशुनदासपुर, पटखौली, पूरेईश्वरनाथ, दहिलामऊ इलाके में अवैध बालू खनन का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को अमर उजाला ने माफियाओं के इस खेल का खुलासा भी किया, मगर जिले के किसी जिम्मेदार अफसर ने कार्रवाई की पहल नहीं की। फिलहाल शुक्रवार को भी अवैध खनन माफिया अपने कार्य को अंजाम देते रहे। हालांकि डीएम ने शुक्रवार को पत्र जारी कर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही है।
इनसेट--------
बगैर स्वच्छता प्रमाण पत्र खनन करने पर होगी प्राथमिकी
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। डीएम शंभु कुमार ने ईंट-भट्ठा धारकों को चेताया है कि बगैर स्वच्छता प्रमाणपत्र के खनन करने और कच्ची ईंट तैयार करने पर संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। बिना स्वच्छता प्रमाण पत्र प्राप्त किए उपखनिज ईंट-मिट्टी का खनन उप्र उपखनिज परिहार नियमावली के अंतर्गत दंडीनय अपराध की श्रेणी में आता है।
चित्र---
डीएम ने सौ बेड के अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। डीएम शंभु कुमार ने शुक्रवार को राजकीय इंटर कालेज के बगल नवनिर्मित सौ बेड के अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में कमरों में लगी टाइल्स में गंदगी और वायरिंग के तार इधर-उधर बिखरे होने पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए अविलंब तैयार करने को कहा। आवास विकास परिषद के एई अतुल कुमार श्रीवास्तव को अविलंब निर्माण पूर्ण कराने को कहा। जिला महिला अस्पताल के रास्ते में पडने वाली जर्जर बिल्डिंग को ध्वस्तीकरण के लिए सीएमएस से कहा।
कौशल जागरूकता अभियान की निकली रैली
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। कौशल विकास मिशन योजना के तहत ‘सब को हुनर सब को काम कौशल विकास की यही पहचान’ के प्रचार-प्रसार के लिए शुक्रवार को कचहरी से रैली निकाली गई। एडीएम मनोज कुमार ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कौशल जागरूकता रैली जिलाधिकारी कैंप कार्यालय के सामने से होते हुए जिला सूचना कार्यालय तथा विकास भवन परिसर से होते हुए जिला कार्यक्रयम प्रबंधन इकाई जीआईटीआई परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस मौके पर डीडीओ सुदामा प्रसाद, डीएसटीओ राजेश सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी सविता यादव प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।